12वीं पास विद्यार्थी अब कर सकेंगे 4 वर्षीय बीए-बीएड इंटीग्रेटेड कोर्स
चित्तौड़गढ़ | मोहनलाल सुखाडिय़ा यूनिवर्सिटी में अगले सत्र से पहली बार बीए-बीएड और बीएससी-बीएड का चार साल का इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू होगा। इसमें छात्र 12वीं के बाद सीधा बीएड कर सकेंगे। इसी साल जुलाई से दोनों विषयों में पाठ्यक्रम शुरू होगा। फिलहाल सुखाडिय़ा यूनिवर्सिटी को दोनों पाठ्यक्रमों के लिए 50-50 सीटें मिली हैं। अब तक जिस तरह पीटीईटी के माध्यम से बीएड कराया जाता था। उसी के अनुसार पीटीईटी परीक्षा के माध्यम से ही कोर्स के लिए छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। शिक्षा विभाग की प्रभारी डाॅ. अल्पना सिंह बताती है कि इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए अलग से परीक्षा होगी। परीक्षा परिणाम के आधार पर छात्रों को कालेज आबंटित होंगे। मेरिट के आधार पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। चार साल में बीएड के आठ पेपर और हर साल दो पेपर देने होंगे। तीन साल में छात्र का ग्रेजुएशन तो पूरा हो जाएगा वहीं चौथे वर्ष में छात्र की इंटर्नशिप होगी। इन कोर्सेस का सिलेबस डिजाइन कर लिया गया है।