भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़
जिला परिषद के ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए सांसद सीपी जोशी ने मनरेगा के तहत आदर्श खेल मैदान विकसित करने, खाद्यान्न भंडार, कैटलशेड निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर पंडित दीनदयाल अंत्योदय योजना में महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर आजीविका संवर्धन के लिए परियोजनाओं से सहायता राशि एवं बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने लीड बैंक मैनेजर व विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत जिले में कौशल विकास केन्द्र के लिए केन्द्र स्थापित करने, भूमि आबंटन के संबंध में भूमि चिन्हित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जोशी ने पीएम ग्राम सड़क योजना में केन्द्रीय निधि योजना सीआरएफ के तहत जिले में सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्यों की जानकारी ली। पीएम आवास योजना - ग्रामीण की समीक्षा कर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) में वार्डों के ओडीएफ होने की जानकारी ली। बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने निर्मित शौचालयों का भुगतान शीघ्र कराने को कहा। अमृत सिटी प्रोजेक्ट में सीवरेज प्रोजेक्ट की डीपीआर के अनुसार 95 किमी सीवर लाइन व आठ एमएलडी क्षमता के छह एसटीपी बनाए जाने प्रस्तावित हैं। अभी 40 किमी सीवर लाइन डाली जा चुकी है। चार एसटीपी के कार्य निर्माणाधीन है। अब तक 37 किमी डब्ल्यूबीएम, पीसीसी का कार्य पूर्ण, 14 किमी बीटी रोड व 13 किमी सीसी रोड पूर्ण हो गया है। भैंसरोडगढ़ क्षेत्र में पाड़ाझर महादेव को विकसित किए जाने का प्रस्ताव भिजवाने को उपवन संरक्षक वन्यजीव को कहा। बैठक में एडीएम नारायणसिंह चारण, नपाध्यक्ष, एसीईअे दीपेंद्रसिंह राठौर, उप वन संरक्षक एसपी सिंह, डीएसओ ज्ञानमल खटीक, यूआईटी सचिव सीडी चारण, सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।