पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार दिन बाद बैंगलुरू में मिले सभापति डोसी, गलत ट्रेन में बैठ गए थे, जहरखुरानी का हुए शिकार

चार दिन बाद बैंगलुरू में मिले सभापति डोसी, गलत ट्रेन में बैठ गए थे, जहरखुरानी का हुए शिकार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रतापगढ़ | चार दिन से लापता प्रतापगढ़ नगर परिषद के सभापति कमलेश डोसी सोमवार को बैंगलुरू में मिल गए। उन्हें बुरहानपुर जाना था, लेकिन गलती से मदुरै जाने वाली ट्रेन में बैठ गए थे। इस ट्रेन में कुछ बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर गहने और नकदी लूट ली और बेहोशी की दवा सुंघा दी थी। चाकू से हमले में उनके गले और सिर पर चोट आई है। मदुरै पहुंचने के बाद उन्हें होश आया। वहां से बैंगलुरू पहुंचकर सोमवार को अपने बड़े पापा के लड़के को फोन कर सकुशल होने की सूचना दी। बैंगलुरू से रवाना होकर वे शाम को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंच गए। देर रात तक उनके प्रतापगढ़ में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके बैंगलुरू में होने की सूचना मिलने पर यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने वहां अपने परिचित मार्बल व्यापारी प्रदीप मानधना को डोसी के पास भेजा। वे डोसी को अस्पताल ले गए और उनका प्राथमिक उपचार करवाया। घटना में सभापति के दोनों हाथों की अंगुलियों में भी फ्रेक्चर आया है। इधर, सभापति के मिलने की खुशी में शाम तक जश्न का माहौल रहा। प्रतापगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं, मित्रों और परिषद के कर्मचारियों ने मिठाइयां बांटी। उल्लेखनीय है कि डोसी अपने मित्र पूर्व पार्षद सुरेश मालवीय के साथ 16 मई को जयपुर होते हुए मुंबई के लिए निकले थे। मित्र जयपुर से ही प्रतापगढ़ लौट गए थे। सभापति 17 मई को मुंबई में सीए से व्यापार संबंधी बात कर रात वाली ट्रेन से बुरहानपुर में साध्वी के दर्शन करने जाने वाले थे। कुर्ला रेलवे स्टेशन से ही उनके मोबाइल की लोकेशन बंद हो गई थी। प्रतापगढ़ पुलिस की तीन टीमों के साथ, साइबर सेल टीम और मुंबई पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई थी। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी इस सिलसिले में रविवार रात को मुंबई पहुंचे थे। सोमवार को वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस से मिले और घटनाक्रम बताकर मदद मांगी थी।

खबरें और भी हैं...