पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कांग्रेस के नए ब्लाॅक अध्यक्षों के शपथ स्वागत में भी उभर रही गुटबाजी, पूर्व विधायक को किया दरकिनार

कांग्रेस के नए ब्लाॅक अध्यक्षों के शपथ-स्वागत में भी उभर रही गुटबाजी, पूर्व विधायक को किया दरकिनार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़

कांग्रेस कर्नाटक में भाजपा को सत्ता से बाहर रखने की सफलता का जश्न मना रही है। राजस्थान में विस चुनाव से पहले एकजुटता की बातें भी कह रही हो, लेकिन जिले में पार्टी अभी भी गुटबाजी से उभर नहीं पा रही है। उल्टा नए ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ उसका द्वंद और सामने आ रहा है। कपासन के बाद अब बड़ीसादड़ी व भूपालसागर के समारोह भी उदाहरण बने। दोनों जगह क्षेत्र के पूर्व विधायक नजर नहीं आए। ये दोनों पूर्व सीएम अशोक गहलोत खेमे के हैं।

जिले में रविवार को बड़ीसादड़ी और भूपालसागर में नव नियुक्त ब्लाक अध्यक्षों के शपथ या स्वागत के नाम पर सम्मेलन हुए। जिनमें क्षेत्र के पूर्व विधायक क्रमश: प्रकाश चौधरी व शंकरलाल बैरवा नजर नहीं आए। इसका कारण नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्षों का दूसरे गुट से होना माना जा रहा। मजेदार बात यह भी रही कि दोनों समारोहों में जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ भी नहीं गए। इसके पीछे एक वजह गत दिनों कपासन के समारोह में उनका विवादास्पद हो जाना माना जा रहा है। जहां उनके द्वारा पूर्व विधायक शंकरलाल बैरवा को भाषण के दौरान टोका-टोकी करने पर माहौल बिगड़ गया था। बैरवा माइक छोड़कर चले गए। इसके बाद उनके समर्थकों ने जिलाध्यक्ष हाय-हाय के नारे लगाए। कुछ दिन पूर्व चित्तौड़ सर्किट हाउस में बड़ीसादड़ी के पूर्व विधायक चौधरी के साथ भी जिलाध्यक्ष धाकड़ की किसी बात को लेकर तनातनी हो गई थी।

बड़ीसादड़ी में पूर्व विधायक को नहीं बुलाया

बड़ीसादड़ी | डूंगला के ब्लाॅक अध्यक्ष उत्सव भाणावत व बड़ीसादड़ी के हरीश धाकड़ का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह नगर पालिका परिसर में हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी रहे, पर पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी को नहीं बुलाया गया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप चौधरी की मुख्य भूमिका रही। वक्ताओं ने आगामी विस चुनाव को ध्यान में रखते हुए अब हर वार्ड व ग्राम इकाई तक संगठन को सक्रिय करने व एकजुट होने का आव्हान किया। हालांकि दो बार विधायक रहे प्रकाश चौधरी को इस कार्यक्रम से पूरी तरह दूर रखा गया। मीडिया के पूछने पर आयोजक नेताओं ने यह बात स्वीकार करने से भी परहेज नहीं किया। समारोह में नपा चेयरमैन दिलीप चौधरी, जिला परिषद सदस्य हनुमंतसिंह बोहेड़ा, जिला उपाध्यक्ष करणमल दाणी, प्रधान पति मुन्नालाल, उपप्रधान उमेश शर्मा, पूर्व नपा चेयरमैन बिहारीलाल चौधरी, सरपंच करसाना संग्रामसिंह तलवाड़ा, फलोदडा के देवेंद्रसिंह झाला, बद्रीलाल शर्मा, निकुंभ के लक्ष्मीलाल चपलोत, जिला उपाध्यक्ष जगदीश टेलर, पार्षद राजेंद्रसिंह राणावत, गोविंद लक्षकार, भंवरलाल रैगर, कलादेवी, संपत प्रजापत आदि ने विचार रखे।

शपथ ग्रहण समाराेह की जानकारी नहीं...

मुझे न तो ब्लाक अध्यक्षों के किसी शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी है और न ही मुझे किसी ने ऐसे कार्यक्रम में बुलाया है। प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक

भूपालसागर में बूथवार प्रभारी नियुक्त किए

भूपालसागर | कस्बे के सिंचाई विभाग डाक बंगला में नवनियुक्त ब्लाक कांग्रेस (बी) के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी और ब्लाक (ए) अध्यक्ष प्रकाश नकुलसिंह भाटी का स्वागत समारोह किया गया। समारोह में ब्लाक बी अध्यक्ष चौधरी ने बूथवार प्रभारियों की नियुक्ति करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को बहुत मेहनत करने की आवश्यकता है। ब्लाक ए अध्यक्ष नकुलसिंह भाटी ने पदाधिकारियों से कहा कि उन सच्चे कार्यकर्ताओं की पहचान करनी चाहिए, जो संघर्ष में साथ रहा हो। जिला उपाध्यक्ष सुभाष सिंह राणावत ने कहा कि आम जन कुशासन से त्रस्त हो चुका है। ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भैरूलाल गाडरी, भदेसर के पूर्व प्रधान गोविंदसिंह शक्तावत, शिवप्रकाश पुरोहित, लोकेश जाट, बिरदीचंद मोची, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सुशील बुनकर, नगर अध्यक्ष देवेंद्र सुखवाल, पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम टांक, एडवोकेट मांगीलाल बैरवा, उपसरपंच बाबूदीन खान, गौतम विजयवर्गीय, वासुदेव तिवाड़ी, विशेष मीणा, आकोला सरपंच अनिल सहलोत, उप सरपंच मोहम्मद खान, शंकरलाल जाट, शांतिलाल जाट, कमलेश चौधरी ने विचार रखे। संचालन सरपंच कैलाशचन्द्र सालवी ने किया।

चर्चा में रही बैरवा की अनुपस्थिति... कार्यक्रम पूर्व विधायक शंकरलाल बैरवा का अनुपस्थिति चर्चा में रही। बैरवा के दूरी बनाने से जाशमा शनि महाराज परिसर में हुए सम्मेलन की तुलना में यहां कार्यकर्ताओं की संख्या भी कम दिखी।

खबरें और भी हैं...