एक्सप्रेस हाइवे पर शॉर्ट सर्किट से कैबिन में आग, ट्रेलर खत्म, रोड जाम
मानपुरा माचेड़ी. एक्सप्रेस हाईवे पर दौलतपुरा चौकी इलाके में अप्पू घर के पास ट्रेलर में लगी आग के बाद उठती लपटें।
भास्कर न्यूज | मानपुरा माचेड़ी
एक्सप्रेस हाइवे पर दौलतपुरा के अप्पू घर के पास रविवार रात 11 बजे शॉर्ट सर्किट से ट्रेलर की कैबिन में आग लगने से ट्रेलर जलकर राख हो गया। सूचना पर दौलतपुरा चौकी से पुलिस जाब्ता पहुंचा तथा ग्रामीणों व दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया। ट्रक में आग लगने के दौरान एहतियाती तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए ट्रैफिक को रोक दिया था।
दौलतपुरा चौकी के हैड कांस्टेबल रामलाल चौधरी ने बताया कि मुर्गियों के दाने से भरा एक ट्रेलर दिल्ली से जयपुर की ओर आ रहा था। अप्पू घर के पास होटल किंग के सामने शॉर्ट सर्किट से ट्रेलर के कैबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ट्रेलर चालक ने समझदारी दिखाते हुए ट्रेलर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। सूचना पर विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया से आई दमकल ने आग पर काबू पाया। दमकल के घटनास्थल पर समय रहते पहुंचने से ट्रेलर में भरा हुआ माल आग की भेंट चढ़ने से बच गया।
ट्रैफिक को रोकना पड़ा
ट्रेलर कैबिन में आग लगने के बाद वह धूं-धूं कर जलने लगा। इससे सड़क पर आग की लपटें फैल गई। रामलाल चौधरी ने बताया कि एहतियाती तौर पर वाहनों को रोकना पड़ा। आग पर काबू पाने के बाद ट्रैफिक को सुचारु कर दिया गया।
चौमू. थाना मोड़ पर बड़े वाहन के कारण लगता जाम।
शहर से गुजर रहे बड़े वाहनों से चौमू की सड़कों पर रोजाना जाम
कार्यालय संवाददाता | चौमू
शहर के प्रमुख मार्गों से बड़े वाहनों का गुजरना जहां आम बात बनी हुई है, वहीं इन वाहनों से लगने वाले जाम की परेशानी उठाना भी शहर वासियों के लिए आम बात बन चुकी है। बड़े वाहनों को शहर की सड़कों से गुजरने के लिए प्रशासन द्वारा कोई समय सीमा तय नहीं होने के कारण बड़े वाहन व्यस्त सड़कों पर दिन में भी गुजर रहे है। इससे सड़कों पर जाम लगता रहता है या फिर यातायात रेंगता हुआ चलता है। हालांकि बाई पास निर्माण के बाद शहर वासियों ने सोचा था कि थाना मोड़ व बस स्टैंड पर बार- बार जाम लगने से छुटकारा मिलेगा, लेकिन बड़े वाहनों पर अंकुश नहीं लगाने के कारण आज भी बड़े वाहन शहर से ही गुजर रहे है।
एंबुलेंस व दमकल को नहीं मिलता है रास्ता
बड़े वाहनों के कारण जाम लग जाने की स्थिति में कई बार तो एंबुलेंस व दमकल गाडी भी इसी जाम में फंसी रह कर केवल सायरन ही बजाती रहती है। कई बार तो स्थिति यह बन जाती है कि इन आपात कालीन वाहनों के आगे पीछे अन्य वाहन लग जाने से इन्हें निकलने में जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
विद्यार्थियों को भी झेलनी पड़ती है परेशानी
जाम लगने की स्थिति में न केवल आम आदमी को परेशानी झेलनी पड़ती है बल्कि विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को थाना चौराहा व मोरीजा तिराहे पर बार बार जाम लगता रहा। ऐसे समय में कई विद्यार्थियाें को कॉलेजों में परीक्षा देने जाना था, लेकिन कई विद्यार्थियों के वाहन इन जामों में फंसे हुए थे। जो परीक्षा प्रवेश समय नहीं निकल जाए इसकी चिंता में अधिक दिखाई दिए।