आग से टिनशेड के नीचे बंधी तीन भैंसें जलकर मरी, 2 युवक झुलसे
राजावास. आग बुझाते अग्निशमन कर्मी व मौके पर एकत्र भीड़।
भास्कर न्यूज | राजावास
ग्राम टान्टियावास बाढ़ की ढहर की ढाणी में मंगलवार शाम करीब 4 बजे टिनशेड के ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे टिनशेड के नीचे बंधे 7 पशुओं में से 3 पशु जलने से मर गए व 4 भैंस गंभीर झुलस गया। बचाव कार्य के दौरान दो युवक भी झुलस गए। इनमें से एक युवक बनवारी देवंदा को राजावास के निजी अस्पताल मॆं भर्ती कराया गया। आग से पास में ही पड़ा करीब दो ट्रक भी चारा जल गया। आग की सूचना पर पहुंचे अग्निशमन वाहन ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार आग टाटियावास बाढ़ में बाबूलाल देवंदा के घर पर लगी। मंगलवार शाम देवंदा के घर पर टिनशेड के नीचे भैंसें बंधी हुई थी कि अचानक टिनशेड के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन केबल में शॉर्ट सर्किट होने से टीनशेडों के सहारे लगे झोपडो़ं में आग लग गई। इससे 3 भैंस जल कर मर गई तथा 4 भैंस बुरी तरह से झुलस गई। चौमू थाना के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने घटना का जायजा लिया। नायब तहसीलदार सतीश शास्त्री, सरपंच मालीराम शर्मा, बिजली एईएन आदि पहुंचे। स्थानीय निवासियों ने विद्युत कर्मियों पर मनमर्जी का आरोप लगाते हुए बताया कि विद्युत कर्मियों को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद वह इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। इस घटना में भी यही हुआ। पीड़ित ने विद्युत कर्मियों से लाइन को बदलने के लिए बार-बार अवगत करवाया था, इसके बावजूद लाइन को नहीं बदला गया। इससे यह घटना घटी। पीड़ित का कहना है कि टिनशेड पहले से लगा हुआ था। इसके बावजूद विद्युत कर्मियों ने उसके ऊपर से विद्युत लाइन खींच दी।