क्षेत्र के आसपास के गांवों में संचालित उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा में चयनित उपभोक्ताओं को नवीनत्तम तकनीकी युक्त थर्मल प्रिंटर मशीन का सर्वर डाउन होने पर मशीनों से खाद्य सामग्री को लेने के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान होकर शनिवार को ग्राम आलीसर स्थित उचित मूल्य की दुकान पर उपभोक्ताओं ने राशन डीलर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
उपभोक्ताओं ने बताया कि पॉश मशीन में हर समय नेटवर्क की समस्या होने व कई उपभोक्ताओं के फिंगर प्रिंट नहीं आने से दिनभर बैठकर निराश होकर शाम को घर वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि मशीनों में कनेक्टिविटी कमजोर होने के कारण फिंगर प्रिंट नहीं आते है और रिचार्ज कराने पर भी नेट समस्या बनी रहती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को एक बार में सामान नहीं मिल पा रहा है और उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे है। उपभोक्ताओं ने बताया कि मशीन थोड़ी सी भी कमी रहने पर उस राशन कार्डधारी का डाटा स्वीकार नहीं करती है। इससे भी ज्यादा उन लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सूचना मिलने पर सरपंच बाबूलाल जड़वाल ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्या सुनी और राशन डीलर से बात की, उन्होंने पोस मशीन में सर्वर डाउन होने की बात कही। इसके बाद सरपंच ने नाराज उपभोक्ताओं से रसद विभाग के उच्चाधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र हल करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उपभोक्ता ने आक्रोश जताते हुए जिला रसद विभाग के उच्चाधिकारियों व जयपुर जिलाधीश से मशीन को काम नहीं करने पर सरल तरीके से खाद्य सामग्री वितरण करवाने की मांग की है।
सर्वर डाउन होने की बनी हुई है समस्या
आलीसर राशन डीलर शंकरलाल ने बताया कि सभी जगह पर पॉश मशीन में सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। मशीन से एंट्री कर राशन बांटने का काम बिल्कुल पारदर्शी होने के साथ अच्छा है। मशीन से एक राशन कार्ड की प्रोसेसिंग से काफी समय लगने से लोगों को परेशानियां हो रही है। राशन सामग्री उपभोक्ताओं को वितरण की जाएगी।
चौमू प्रवर्तन निरीक्षक रामभजन मीणा ने बताया कि जयपुर जिले में शनिवार को तकनीकी के कारण सर्वर डाउन की समस्या बनी हुई थी। रविवार से समस्या से निजात मिल जाएगी।
हस्तेड़ा. ग्राम आलीसर के उचित मूल्य की दुकान पर पोस मशीन में सर्वर डाउन होने से परेशान उपभोक्ता ओं ने किया प्रदर्शन।