ई मित्र संचालक से धोखाधड़ी, बिजली बिलों के 5.75 लाख हड़पे, मामला दर्ज
चौहटन | एक ई-मित्र संचालक ने सहयोग इंटरनेशनल फर्म के मालिक के खिलाफ बिजली बिलों की राशि हड़पकर धोखाधड़ी करने का मामला चौहटन थाने में दर्ज करवाया। धारासर के सांईयों की बस्ती निवासी धन्नाराम पुत्र ठाकराराम ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह बालाजी ई-मित्र का संचालक है तथा चौहटन डिस्कॉम में चौहटन क्षेत्र के उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की राशि जमा करता है। उसने बताया कि भगवानसिंह पुत्र सुजानसिंह लाबराऊ ने उसे अपनी फर्म सहयोग इंटरनेशनल से बिजली के बिलों का भुगतान बेहतरीन तरीके से करवाने का लालच दिया। इस पर 8 नवंबर 2017 से उसने उपभोक्ताओं के बिलों की राशि एकत्रित कर आरोपी के फर्म के बैंक खाते में आरटीजीएस करवाता रहा। 8 नवंबर 2017 से 14 नवंबर 2017 तक 53 लाख 20 हजार रुपए की राशि भगवानसिंह की फर्म सहयोग इंटरनेशनल के खाते में ट्रांसफर कर दी। इस राशि को जोधपुर डिस्कॉम को आगे हस्तांतरित करनी थी, लेकिन आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सूचना प्रौद्योगिक का गलत इस्तेमाल करते हुए वेबसाइट से एक से अधिक एप का उपयोग कर राशि हड़पने के इरादे से 53 लाख 20 हजार रुपए का भुगतान नेट पर डिस्पले किया, लेकिन कुछ समय बाद उपभोक्ताओं की शिकायत प्राप्त होने और उसके द्वारा जमा राशि व खर्च राशि का विवरण जोड़े जाने पर पता चला कि 47 लाख 34 हजार 717 रुपए निगम को में जमा करवा दिए, लेकिन बकाया राशि 5 लाख 85 हजार 283 रुपए आरोपी ने हड़प लिए।