धनाऊ | पंचायत समिति धनाऊ की साधारण सभा की बैठक सोमवार को अटल सेवा केंद्र में प्रधान भगवती मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विकास वार्षिक कार्य योजना 2018-2019 का ग्राम पंचायत के 1408 का र्यो के 1835.88 लाख के का र्यो का सर्वसहमति से अनुमोदन किया गया। वहीं राज्य वित्त आयोग के तहत 233 का र्यो के 350 लाख का भी अनुमोदन किया गया। बैठक शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने धनाऊ सरपंच रमेश पावड़ के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बैठक की शुरूआत की गई। एक बार तो बैठक स्थगित करने की नौबत आई, लेकिन प्रधान ने स्थिति को संभाल लिया और बैठक की पूरी कार्रवाई करवाई। उल्लेखनीय है कि पंचायतीराज के सभी कर्मचारी बीडीओ सहित हड़ताल पर चल रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अगर बैठक नहीं होती तो समिति के कार्य ठप हो जाते। क्योंकि मंगलवार को जिला परिषद की बैठक में ये प्लान अनुमोदन नहीं हो पाते। बैठक में सड़कों के मुद्दों पर सरपंचों ने नाराजगी जताई। इसरोल सरपंच पदमाराम ने बताया कि कानोनी मेघवालों की ढाणी में जनता जल योजना की स्कीम चार साल से स्वीकृति हो चुकी है, लेकिन कार्य आज दिन तक चालू नहीं हुआ। इसको लेकर कई बार बैठक में विभागीय अधिकारियों को अवगत करवा दिया, लेकिन किसी ने आज तक सुध नहीं ली। पोकरासर सरपंच देदाराम खोथ ने बताया कि खारो वाली नाड़ी से बाड़मेर जिला मुख्यालय जाने वाली सड़क जो रानीगांव तक जाती है, वो पूरी बिखर चुकी है, जिसे नवीनीकरण जल्द करवाने की मांग की। आरओ प्लांट नहीं होने से पोकरासर, धीरासर, खारोवाला व चिमनासर में ग्रामीणों को मजबूरन खारा पानी पीना पड़ रहा है। पंचायत समिति सदस्य पूनमाराम विश्नोई ने बताया कि सेड़वा में बिजली सब डिविजन स्वीकृत हुआ है, उसमें सहायक अभियंता गेमराराम गर्ग हाल कार्यरत चौहटन को लगाया जाए, ताकि कार्य आसानी से हो सके। बैठक में जिला परिषद सदस्य शम्मा खान ने कहा कि गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए रमजान के महीने में बिजली कटौती नहीं करते हुए 24 घंटे घरेलू बिजली देने की बात कही, ताकि रोजेदारों को परेशानी नहीं हो। बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने धनाऊ प्रधान भगवती मेघवाल को शादी की मुबारकबाद दी। इस पर प्रधान ने सभी का आभार प्रकट किया। बैठक में सहायक लेखा अधिकारी देवपाल मीणा, डॉ. महेंद्र यादव, डिस्कॉम एईएन गेमराराम गर्ग, जलदाय विभाग से पवन जांगिड़, पीडब्ल्यूडी से बाबूलाल विश्नोई, बींजासर सरपंच पार्वती देवी, भूणिया सरपंच खेताराम, आलमसर सरपंच खेराजराम, पूर्व जिला परिषद सदस्य रावताराम मेघवाल, समाज सेवी सोहनलाल लालवानी सहित जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।