चौहटन | शोभाला जेतमाल में आयोजित लोक अदालत में अनुपस्थित रहने पर तहसीलदार ने दो पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए। तहसीलदार तुलछाराम विश्नोई ने बताया कि इसरोल के पटवारी विशालसिंह व आलमसर के पटवारी गेमराराम गर्ग को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इन दोनों पटवारियों को न्याय आपके द्वार शिविर में अग्रिम दल तथा शिविर के दौरान कार्य करने के लिए आदेशित किया गया था, लेकिन दोनों पटवारी अनुपस्थित रहे, जिसकी कोई सूचना भी नहीं दी गई। इससे शिविर में कार्य प्रभावित हुआ। तहसीलदार ने दोनों पटवारियों से तीन दिन में नोटिस का जवाब मांगा है।