चोरदाहा पंचायत के दनुआ में 3 वर्षों से बन रहा स्वास्थ्य उपकेंद्र का भवन अधूरा है। जिसके कारण पंचायत के 13 गांव स्वास्थ्य सेवा से वंचित हो रहा है। मुखिया ललिता देवी, उपमुखिया राजकुमार यादव ने बताया कि इसकी शिकायत हजारीबाग डीसी और संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से किया है। 3 वर्षों से संवेदक आधा अधूरे के साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण में घोर अनियमितता है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि 2015 में प्रो. कमाल इंटरप्राइजेज रांची ने 35 लाख रुपए की लागत से दनुआ में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य शुरू किया। 3 वर्ष बाद भी भवन का निर्माण कार्य अधूरा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत के सभी गांवों में स्वास्थ्य सेवा के घोर अभाव के कारण पिछले एक वर्ष में 40 से अधिक गरीब, असहाय ग्रामीणों की मौत डायरिया, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों से हो गई। मुखिया ने बताया कि पंचायत की आबादी 5 हजार 7 सौ 34 है। जो जंगल, पठार, नदी, नालो के बीच बसे गांव सिकदा, डोडिया, मोरनिया, चोरदाहा, अहरी, सिलोदर, मूर्तिया, कविलास, गरमोरवा, दनुआ, सांझ, मैनुखर, कोठो डूमर, नावाडीह में रहते है।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. योगेन्द्र सिंह ने कहा कि निविदा से संवेदक द्वारा दनुआ उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का कार्य किया जा रहा है। भवन निर्माण कार्य स्वास्थ्य विभाग से नहीं कराई जा रही है। इसलिए संवेदक और भवन के बारे में कुछ बताना संभव नहीं है। सामुदायिक अस्पताल से चोरदाहा की दूरी अधिक रहने से ग्रामीण मरीजोंं को अस्पताल तक मरीजो को आने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।