चौपारण | बच्छई पंचायत के ग्राम डुमरी के हरिजन टोला में हो रहे शौचालय निर्माण को गांव के दो व्यक्ति ने तोड़ दिया। उक्त जानकारी मुखिया कुंती देवी ने देते हुए प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की। मुखिया ने कहा कि पंचायत के बच्छई, ओबरा, सेवई, डुमरी, चक एवं मलिकाना को पूर्ण स्वच्छ और खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए तीव्र गति से शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए पहले बीपीएल परिवार के गरीब एवं असहाय लोगों के घरों में शौचालय निर्माण किया जा रहा है। दूसरे चरण में मीडियम परिवार और अंतिम चरण में संपन्न परिवार जिनके घरों में शौचालय नहीं है और खुले में शौच करते हैं, उनके घरों में शौचालय बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरिजन टोला में बन रहे शौचालय टैंक को गांव के दो व्यक्ति रामचंद्र साव एवं शिबन साव ने ध्वस्त कर दिया है।