- Hindi News
- National
- पैसे की निकासी के बाद भी स्कूल की रसोई अधूरी, ग्रामीणों ने बना दी गोशाला
पैसे की निकासी के बाद भी स्कूल की रसोई अधूरी, ग्रामीणों ने बना दी गोशाला
चौपारण प्रखंड के बेला पंचायत के प्राथमिक स्कूल खरहुवां में सर्व शिक्षा अभियान से मध्याह्न भोजन बनाने के लिए बनी पाकशाला की जांच करने बीईईओ अशोक कुमार गुप्ता पहुंचे। बताया गया है कि निवर्तमान प्रधानाध्यापक नागेंद्र राम ने आधी अधूरी पाकशाला बनाकर राशि की निकासी कर ली है। विद्यालय विकास समिति के सदस्य एवं ग्रामीण अभिभावकों ने एचएम नागेंद्र और अध्यक्ष से कई बार पाकशाला पूर्ण करने की बात कही। इस पर एचएम ने दो टूक में कह दिया कि सरकार जितनी राशि दी, उतना बना दिया हूं। एचएम नागेंद्र राम का स्थानांतरण बरही ब्लॉक के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ओरपत्ता में हो गया।
अभिभावक और ग्रामीणों का विश्वास खत्म हो गया तो मुख्यमंत्री जन संवाद में बच्चों के लिए भोजन बनाने वाली पाकशाला को पूर्ण करवाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों की गुहार को प्राथमिकता देते हुए जन संवाद से जिला को जांच करने का आदेश दिया गया। इसपर त्वरित करवाई करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने बीईईओ अशोक कुमार गुप्ता को जांच का आदेश निकाला। जिला के आदेशानुसार बीईईओ खरहुवां स्कूल पहुंच पाकशाला की स्थिति देख दंग रह गए। उन्होंने देखा कि पाकशाला का सिर्फ ढांचा तैयार कर दिया गया है। दरवाजा, खिड़की, प्लास्टर, फर्श, रंगाई-पोताई कुछ भी नहीं की गई है। साथ ही गांव के ही विक्रम सिंह द्वारा पशु चारा रखने का उपयोग में लाया जा रहा है। पाकशाला को गौशाला का रूप दे दिया गया है। बीईईओ ने बताया कि विक्रम को अविलंब खाली करने एवं एचएम नागेंद्र को स्पष्टीकरण के साथ विभागीय कार्रवाई करने का अनुशंसा कर जिला को भेज दिए हैं।