1361 सरकारी स्कूलों में अभिभावकों की मौजूदगी में घोषित होगा रिजल्ट
शिक्षा विभाग इस बार सरकारी स्कूल खुलने से पहले नवाचार करने जा रहा है। ये किसी एक जिले में नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूल में एक दिन एक साथ होगा। कार्यक्रम 30 अप्रैल को होगा। इसका नाम शिक्षा संगम दिया गया है। नामांकन बढ़ाने, ड्रॉप आउट बच्चों को जोड़ने व अभिभावकों से सीधा संवाद कर उन्हें स्कूल की उपलब्धियों के साथ, संबंधित छात्रों की पढ़ाई व उसके मूल्यांकन के बारे में मौके पर ही पूरी जानकारी दी जाएगी। अभियान की महत्ता का आकलन इसी से लगाया जा सकता है। शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल के निर्देश के बाद उपनिदेशक स्तर पर कंट्रोल बनाया जा रहा है। विभागीय अधिकारी ब्लॉकवार संस्थाप्रधानों से सीधे संवाद कर कार्यक्रम की जानकारी देने में जुट गए है। जिले में 1361 स्कूलों में शिक्षा संगम के लिए विभाग के अधिकारी ब्लॉकवार संस्थाप्रधानों (पीईईओ) की बैठक लेने में जुट गए हैं। इस कार्यक्रम को लोकप्रिय बनाने के लिए जिले के प्रशासनिक अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
उपनिदेशक मा. डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि 5 से 18 आयु वर्ग के गांव-शहर में अनामांकित एवं ड्रॉप आउट बालक-बालिकाओं को स्कूल में नामांकित कर ठहराव करने के लिए इस कार्यक्रम की योजना बनाई गई है। इसके लिए 30 अप्रैल का दिन इसलिए चुना गया है कि इस दिन स्थानीय परीक्षा का रिजल्ट घोषित करना है। रिजल्ट घोषणा के साथ गांव-शहर के गणमान्य लोगों को बुलाकर सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम को सरस बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का अायोजन होगा।
स्कूल डायरी, एसएमएस और वॉट्स -एप से देंगे निमंत्रण-स्मरण पत्र
शिक्षा संगम कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बनाने के लिए संबंधित संस्थाप्रधान अपने-अपने क्षेत्र के ख्यातनाम व्यक्तित्व यथा शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, पूर्व सैनिक आदि को बुलाए गए, इसके लिए निमंत्रण देकर उन्हें दुबारा स्मरण करवाया जाएगा। शिक्षा संगम को लेकर गांव-शहर के सार्वजनिक चौक पर पोस्टर लगाए जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों की टीमें गठित, ब्लॉक होगी मॉनीटरिंग : जिला शिक्षा अधिकारी मा. पितरामसिंह काला व जिला शिक्षा अधिकारी प्रा. संपतराम बारूवाल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीमें बनाई गई, जिसमें एडीईओ, बीईईओ व एबीईईओ के अलावा रमसा व एसएसए एडीपीसी को शामिल किया गया है। पूरे कार्यक्रम की मॉनीटरिंग दोनों डीईओ के साथ संभाग स्तर पर डीडी करेंगे। टीमों में शामिल अधिकारी क्षेत्राधिकार के हिसाब से स्कूलों का भ्रमण करेंगे। ऑनलाइन अवलोकन प्रपत्र फीडिंग कर रिपोर्ट देंगे।
ये होगी शिक्षा संगम की रूपरेखा : 30 अप्रैल को प्रत्येक स्कूल में प्रार्थना सभा में भागीदारी, लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम, परीक्षा परिणाम की घोषणा एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर विचार विमर्श, एसडीएमसी की साधारण सभा, प्रवेशोत्सव व नामांकन वृद्धि अभियान की जानकारी व संस्थाप्रधान स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। सभी संस्थाप्रधानों को कार्यक्रम की पूरी रिपोर्ट अगले दिन शाला दर्पण पर अपलोड करनी होगी।