चूरू को सामाजिक विज्ञान के 194 शिक्षक मिलेंगे, काउंसलिंग 20 को
चूरू | राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा चयनित सामाजिक विज्ञान विषय के 194 वरिष्ठ अध्यापकों को चूरू मंडल आबंटित हुआ है। चूरू, झुंझुनूं व सीकर जिलों को मिलने वाले इन अध्यापकों के पदस्थापन के लिए 20 अप्रैल को उपनिदेशक मा. काउंसलिंग करवाएगा। काउंसलिंग शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में होगी। उपनिदेशक मा. महेंद्र कुमार ने बताया कि चूरू मंडल आबंटित शिक्षक अभ्यर्थियों की सूची व आवेदन फार्म प्राप्त हो चुके है, जिन्हें काउंसलिंग प्रक्रिया द्वारा पदस्थापन करके नियुक्ति दी जाएगी। सहायक निदेशक एवं काउंसलिंग प्रभारी ओम फगेड़िया ने बताया कि 20 अप्रैल को काउंसलिंग डाइट में सुबह 9.30 बजे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से शुरू होगी। एक घंटे की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बाद आशार्थियों की वरीयता का निर्धारण कर 11 बजे काउंसलिंग शुरू की जाएगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेज एवं आवश्यक प्रमाण-पत्रों की जांच की जाएगी। अभ्यर्थी अपने मूल दस्तावेज व संबंधित प्रमाण-पत्र साथ लेकर आने होंगे।
ये रहेगा वरीयता का निर्धारण : सबसे पहले 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग, इसके बाद विधवा एवं परित्यक्ता महिला अभ्यर्थी, तीसरे नंबर पर शेष महिला अभ्यर्थी और अन्य शेष अभ्यर्थियों की काउंसलिंग (आरपीएससी की मेरिट के क्रम में) होगी। काउंसलिंग के दौरान श्रेणी की वरीयता जांची जाएगी।