कॉलेज में फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गांव के छात्र की जगह दे रहा था परीक्षा
राजकीय लोहिया कॉलेज में बीए पार्ट सेकंड की परीक्षा में एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा। कॉलेज प्रशासन ने बाद में उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। परीक्षा सुबह 7 से 10 बजे तक हुई। इधर, मामले को लेकर देर शाम तक पुलिस कार्रवाई में करने में लगी रही। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कमलसिंह कोठारी ने बताया कि बुधवार सुबह बीए पार्ट सेकंड में हिंदी साहित्य प्रथम की परीक्षा थी। रोल नंबर 292659 मनोज कुमार की बैठक व्यवस्था हॉल में थी। परीक्षक ने प्रवेश पत्र की जांच की तो दस्तावेज मिलान नहीं होने पर उक्त अभ्यर्थी से पूछताछ की। तो उसने अपना नाम दयाराम निवासी श्योदानपुरा बताया। उसने बताया कि मनोज कुमार उनके ही गांव का है। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाकर तत्काल उस युवक को सुपुर्द कर दिया। कॉलेज की ओर से कोतवाली में मामला दर्ज करने की रिपोर्ट दी गई। प्रो. कोठारी ने बताया कि मनोज कुमार का मामला बीकानेर यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक व कुलपति को भिजवा दिया गया है। इधर, कोतवाल रमेश सर्वटा ने बताया कि अभी मामला दर्ज किए जाने की कार्रवाई चल रही है।