रतनगढ़. एसडीएम कार्यालय के आगे प्रदर्शन करते वाल्मीकि समाज के लोग।
भास्कर न्यूज | रतनगढ़
नगरपालिका में निकली सफाई सेवकों की भर्ती में विभिन्न वर्गों को आरक्षण के आधार पर नौकरी देने के विरोध में शुक्रवार को वाल्मीकि समाज ने घंटाघर से उपखंड मुख्यालय तक विरोध जुलूस निकाला तथा प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संजू पारीक को ज्ञापन दिया। अखिल भारतीय मजदूर संघ प्रदेश सचिव वेदप्रकाश पंवार ने बताया कि नौकरी में 50 प्रतिशत सामान्य, 21 प्रतिशत ओबीसी, 12 प्रतिशत एसटी व 16 प्रतिशत एससी वर्ग को आरक्षण दिया गया है। पालिका में 58 सफाई कर्मचारियों की भर्ती निकली है, ऐसे में आठ व्यक्तियों को ही एससी वर्ग में नौकरी मिलेगी, उसमें भी इस वर्ग की 56 जातियां शामिल हैं, जो वाल्मीकि समाज के साथ अन्याय है। एसडीएम पारीक ने समाज के लोगों की ओर से दिए गए ज्ञापन को उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। इस मौके पर गोपाल पंवार, वेदप्रकाश पंवार, नानूराम घुसर, कानाराम पंवार, रोहित पंवार, प्रदीप चांवरिया, मुन्नाराम पंवार, गोविंदराम पंवार, अनील पंवार, राकेश पंवार, रामोतार पंवार, दिनेश, सुभाष लोहिया, किशोर सारस्वत, राजेश ढ़ेनवाल उपस्थित थे।
चूरू. अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने जाते वाल्मीकि समाज के लोग।
चूरू में वाल्मीकि समाज ने मांग को लेकर निकाला जुलूस
चूरू. स्वायत शासन विभाग की ओर से नगरपरिषद में हो रही सफाई कर्मचारियों की भर्ती को लेकर शुक्रवार को वाल्मीकि समाज ने जुलूस निकाला। बाद में कलेक्टर व सभापति को ज्ञापन दिया। नगरपरिषद में सभापति के चैंबर के आगे बैठे रहे। जुलूस के दौरान भर्ती को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
समाज के लोगों ने कहा कि सफाईकर्मी भर्ती में वाल्मीकि समाज को ही प्राथमिकता दी जाए। समाज ने उक्त भर्ती में सामान्य वर्ग के आवेदन किए जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज को परंपरागत रूप से सफाई कर्मी भर्ती में प्राथमिकता दी जाती रही है। अब अगर इस भर्ती में बदलाव नहीं किया तो वे सहन नहीं करेंगे। सामान्य वर्ग के लोगों को वाल्मीकि समाज के अंडर में रखकर पहले प्रशिक्षण दिया जाए। उसके बाद ही उन्हें सफाईकर्मी बनाया जाए। गौरतलब है कि नगरपरिषद चूरू में 59 पदों के लिए हो रही भर्ती में 1031 आवेदन किए गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग 52, ओबीसी के 115 आवेदन आए है। बाकी अन्य है।