चूरू. एक और ट्रेन चलाने के हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर करते पूर्व राज्यसभा सांसद बुडानिया व लोग।
चूरू | आमान परिवर्तन के बाद चूरू-सीकर ट्रैक पर एक और ट्रेन चलाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। भास्कर के अभियान से यात्री भी जुड़ते जा रहे हैं। पूर्व सैनिक, कर्मचारी, व्यापारी व छात्रों ने भास्कर के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को आगे आकर रेलवे अधिकारियों पर दबाव बनाना चाहिए। बीकानेर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन से चूरू आई महिला यात्रियों ने भी भास्कर के अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। उनके साथ आए बच्चों ने भी हस्ताक्षर कर ट्रेन चलाने की मांग की। पूर्व राज्यसभा सांसद नरेंद्र बुडानिया ने दिल्ली जाने वाली ट्रेन में चढ़ने से पहले भास्कर को अभियान के लिए साधुवाद दिया और उन्होंने कहा कि वे खुद चूरू-सीकर ट्रैक पर ट्रेन चलाने के लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से बात करेंगे। उन्होंने बाकायदा हस्ताक्षर करते हुए इस ट्रैक पर एक और ट्रेन चलाने की पैरवी की। पूर्व सांसद ने कहा कि ये जनहित से जुड़ा मामला है। इसे लेकर जनप्रतिनिधियों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। एक महिला यात्री ने हस्ताक्षर कर कहा कि चूरू-सीकर रेल मार्ग महत्वपूर्ण है, इस पर रेलवे को एक नहीं, पूर्व की भांति कई ट्रेन चलानी चाहिए, इससे यात्रियों को फायदा होगा। स्टूडेंट्स ने भी अभियान में रूचि दिखाई। कोचिंग आने वाले छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया।
रेलवे स्टेशन पर चले हस्ताक्षर अभियान में महिला यात्रियों में अंकिता, संगीता, प्रेरणा सोनी, ममता, पायल सोनी, संतोष आदि ने अभियान में भाग लिया, वहीं छात्र प्रदीप, सुमित, संदीप, विरेंद्र, विनोद, दलीप, भागीरथ, संदीप, अमित, मनीष, सुशील, अंकित, मनोज, विकास व सतवीर आदि ने भी उत्साह दिखाया।