पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पहले चौकीदारी की सब्जी बेची, अब मेडिकल स्टोर की आड़ में चला रहे अस्पताल, एड्स कैंसर के इलाज के साथ ऑपरेशन कर रहे फर्जी डॉक्टर

पहले चौकीदारी की-सब्जी बेची, अब मेडिकल स्टोर की आड़ में चला रहे अस्पताल, एड्स-कैंसर के इलाज के साथ ऑपरेशन कर रहे फर्जी डॉक्टर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चूरू जिले में सब्जी बेचने वाले और चौकीदारी का काम कर चुके युवा अब अपने अस्पताल चला रहे हैं। इनमें कोई पांचवीं तक पढ़ा लिखा है, तो कोई 12वीं पास है। वे कैंसर और एड्स के मरीजों का इलाज कर उन्हें ठीक करने का दावा भी करते हैं। इलाज के साथ ऑपरेशन भी कर लेते हैं।

हैरानी की बात यह है कि दिनदहाड़े-खुलेआम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने वाले इन फर्जी डॉक्टरों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि चिकित्सा विभाग खुद स्वीकारता है कि जिले में 150 से ज्यादा फर्जी डॉक्टर हैं। असल में तो ये संख्या इससे कई गुना ज्यादा है। पिछले दिनों सादुलपुर क्षेत्र में किराणा की दुकान चलाने वाले युवक को इलाज करते पकड़ा गया था। इसके बाद दैनिक भास्कर ने पड़ताल की। जिले में करीब 20 फर्जी डॉक्टरों के पास पहुंचे। डॉक्टरों ने बाकायदा पर्ची लिखी। इलाज किया। हैरानी ये भी कि इन फर्जी डॉक्टरों ने बिना बीमारी वे दवाएं लिख दीं, जो सिर्फ फिजिशियन ही लिख सकते हैं। ये युवक महज 5वीं से 12वीं तक ही पढ़े लिखे हैं। फर्जी डिग्री और स्वास्थ्य कार्यकर्ता की डिग्री के आधार पर मेडिकल स्टोर खोलने की आड़ में अस्पताल चला रहे हैं। मेडिकल स्टोर के लाइसेंस भी किराये पर लिए हुए हैं। वे प्रतिदिन अपने अस्पताल में 40 से 50 मरीज देखते हैं। चौंकाने वाली बात तो ये है कि फर्जी झोलाछाप डॉक्टर पाइल्स आदि के ऑपरेशन भी कर देते हैं। निमोनिया, चर्म रोग, म्यादी बुखार और हार्ट के रोगी को भी सही करने का दावा करते हैं। स्टीरॉयड इंजेक्शन भी लगाते हैं, जो शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, लेकिन बाद में इसे खत्म कर देता है। कई गांवों में लोगों से बात की तो हर गांव में ऐसे फर्जी डॉक्टरों की बात सामने आई। चूरू तहसील के पीथीसर, झारिया, राणासर, दूधवाखारा और सादुलपुर के सेऊवा, ददरेवा, महलाणा बास सहित सरदारशहर व सुजानगढ़ के हर बड़े गांवों में बात करने पर पता लगा कि हर जगह दो से तीन झोलाछाप डॉक्टर रोगियों के साथ ठगी कर रहे हैं, लेकिन चिकित्सा विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है।

जिले में हर दिन 800 से ज्यादा रोगी हो रहे हैं ठगी के शिकार, सर्वाधिक सुजानगढ़ क्षेत्र में : स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों और सर्वे के आधार पर देखे तो जिले में हर महीने डेढ़ लाख से ज्यादा रोगी शिकार हो रहे हैं। भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि चूरू शहर में 20, गांवों में 60, सरदारशहर शहर में 15, गांवों में 130, सुजानगढ़ शहर में 20, गांवों में 125, रतनगढ़ शहर में 10 गांवों में 70, बीदासर शहर में आठ, गांवों में 75, तारानगर शहर में 10 व गांवों में 80 के करीब झोलाछाप डॉक्टर प्रतिदिन करीब 800 रोगियों को अपना शिकार बना रहे हैं। सीएमएचओ डिग्री नहीं होने पर तुरंत कार्रवाई कर सकते हैं लेकिन नहीं की जा रही है।

(भास्कर टीम ने सभी के वीडियो बनाए हैं। 20 डॉक्टर पकड़े)

सादुलपुर क्षेत्र में किराणा की दुकान चलाने वाला युवक हाल ही में अस्पताल चलाते और इलाज करते पकड़ा गया था

‘भास्कर’ रिपोर्टर ने मरीज बनकर 3 दिन में ऐसे ही 20 से ज्यादा फर्जी डॉक्टरों को ढूंढ़ा, बीमारी बता दवाई तक दी

पांचवीं से लेकर 12वीं तक पढ़े लिखे थे यह फर्जी डॉक्टर, बेखौफ मरीजों की जान से कर रहे हैं खिलवाड़

केस-1

रोगी को देखता फर्जी डॉक्टर।

केस-2

भास्कर ने दवाओं की पर्ची व वीडियो दिखाए तो जिम्मेदार बोले-ये तो कैसे प्रैक्टिस कर सकते हैं?

एसीएमएचओ डॉ. सुनील जांदू ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टर की श्रेणी में आने वाले इन डॉक्टरों को केवल स्वास्थ्य जागरूकता का काम है। यह सामान्य तौर पर मरीजों को देखने, दवाई लिखने व इंजेक्शन लगाने का कोई काम नहीं कर सकते। निदेशालय का ऐसे कोई आदेश में अनुमति नहीं है कि वे इस तरह की प्रैक्टिस कर सकते है। ऐसा करना जुर्म है। उन्होंने बताया कि जीएनएम और अन्य कोर्स करने वाले लोग भी इलाज नहीं कर सकते हैं। पर्चियांे में लिखी दवा ज्यादा देने से मरीज की हालत खराब हो जाएगी।

दस्त रोगी को पानी में दो बूंद दवा मिला पिलाई

सरदारशहर तहसील का गांव कालूसर। यहां एक कमरे में संचालित फर्जी क्लिनिक पर गए तो यहां लियाकत अली खां बैठा था। मूलत: चूरू का रहने वाला लियाकत नियमानुसार रोगी नहीं देख सकता। न मर्जी से दवाई दे सकता है। रोगी ने जब दस्त लगने व लू लगने की शिकायत बताई तो उसने बीपी इंस्ट्रूमेंट से चैकअप किया। फिर पेट पर हाथ लगाकर जांच की। रोगी को पानी में घोलकर दो बूंद दवाई पिलाई। रोगी ने जब कहा कि दलिया खाने से परेशानी हो रही है, इस पर डॉक्टर ने कहा कि इसके खाने से पेट गर्म हो गया है। इस दवाई से सही हो जाएगा। वो यहां पर ही दवाइयां भी रखता है। सरदारशहर इलाके में खुद को रामलाल बताने वाला युवक इलाज करते पाया गया। वो 10वीं पास था। घर-घर जाकर लोगों का इलाज करता है।

चूरू के सुभाष चौक से नई सड़क रोड के रास्ते पर स्थित चांदसी हैल्थ केयर पर भास्कर रिपोर्टर पहुंचा। यहां हर तरीके के इलाज करवाने के रोगी बैठे थे। बड़े-बड़े बोर्ड लगा रखे हैं कि दाद, खाज, खुजली, मस्सा सहित अनेक रोग के उपचार किए जाते हैं। अस्पताल के अंदर एक बच्ची के चोट लगने पर मरहम पट्‌टी की जा रही थी और दवाई लिखकर सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर मिलने की बात कही। रिपोर्टर ने पाइल्स की बीमारी बताई, क्योंकि आस-पास के लोगों ने बताया कि यह पाइल्स रोग का ऑपरेशन भी करता है। जांच के बाद इस फर्जी डॉक्टर ने बाकायदा खुद पर्ची पर दवाई लिखी। पूछा कि दवाई कहां मिलेगी, तो बोला कि सामने मेडिकल स्टोर है। चिकित्सा महकमे के अधिकारियों को जब दवाई लिखी पर्ची दिखाई तो उन्होंने कहा ये दवाई किसी भी सूरत में नहीं लिख सकता। वरुण कुमार रॉय पिछले छह-सात साल से ये क्लिनिक चला रहा है। इससे पहले इसका जीजा रोगियों को देखता था। मूलत: बंगाल का रहने वाला रॉय बहनोई के साथ रहकर काम सीखा। पहले यह वहां दूसरे काम करता था वहां। उनकी मौत के बाद खुद ही रोगियों को देखता है। मस्से आदि की कैंची से काटकर सर्जरी करता है। एंटीबायोटिक व पैन किल्लर सहित कई तरह की दवाइयां लिख देता है। यह दसवीं तक पढ़ा हुआ है। सीसीसीएच डिप्लोमा कर रखा है।

जल्द ही लिस्ट बना कार्रवाई करेंगे : सीएमएचओ

भास्कर : जिले में फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही?

सीएमएचओ : समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। अभी भी कर रहे हैं...। हाल ही में राजगढ़ एरिया में ऐसी ही एक कार्रवाई की है।

भास्कर : हर तहसील में 100 के करीब ऐसे फर्जी क्लिनिक हैं जो रोगियों के जीवन के साथ खेल रहे हंैै?

सीएमएचओ : अब क्या बताऊं..। चांदगोठी जैसी आगे भी कार्रवाई करेंगे।

भास्कर : इन डॉक्टरों को भास्कर ने ढूंढ़ा, विभाग ने सर्वे नहीं करवाया?

सीएमएचओ : शायद सर्वे हुआ है। अरसिदा ने भी मांग रखी थी।

सीधी बातचीत

डॉ. मनोज शर्मा (सीएमएचओ)

ये लिखी दवाई की पर्ची। इलाज की सलाह भी दी।

केस-3

सिर्फ फिजिशियन ही लिख सकते, वे दवाई भी लिख दी

भास्कर ने मुमताज हॉस्पिटल के पीछे वाली गली में संचालित इस क्लिनिक पर रोगी भेजा। रोगी ने बार-बार सांस फूलने, पसीना आने, चक्कर आने व जी घबराने की शिकायत बताई। फर्जी डॉक्टर ने बीपी चैक की। कहा, दवाई लिख रहा हूं ये ले लेना। पास ही स्थित मेडिकल स्टोर पर रोगी ने 110 रुपए की दवाई ली, जो केवल ताकत की थी। ‘इटीसोल’ नाम से दवाई लिखी, जो केवल फिजिशियन ही लिख सकता है। खास बात ये है कि परिवार कल्याण ऑफिस में शक्कू साहब उर्फ बदरुदीन चौकीदारी करता था। रात को चौकीदारी करता और दिन में क्लिनिक चलाता। बेटा असगर उर्फ नाजी पिता के साथ खुद डॉक्टर बन गया। ये 12वीं तक ही पढ़ा हुआ है।

चिकित्सा विभाग की नाकामी : दवा की दुकान खोलते हैं और फिर शुरू कर देते हैं इलाज

1. जिले में सैकड़ों ऐसे फर्जी डॉक्टर हर रोज रोगियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। महकमे की अनदेखी का नतीजा ये है कि मेडिकल स्टोर की आड़ में व कमरे किराए पर लेकर ठगी कर रहे हैं।

2. चिकित्सा महकमे की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक कई तहसीलों में इनकी संख्या 150 तक हैं, जो फर्जी क्लिनिक व स्टाेर चला रहे हैं।

3. ज्यादा ठगी ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही है। सुजानगढ़ व सरदारशहर इलाके में सबसे ज्यादा झोलाछाप डॉक्टर हैं। शिकायत भी चिकित्सा विभाग को मिलती है, लेकिन मामला रफा-दफा कर दिया जाता है।

गुमराह : कैंसर है जल्दी इलाज कराओं नहीं तो एड्स हो जाएगा

डॉक्टर साहब ने बताया मुझे कैंसर है। इलाज नहीं करवाया तो एड्स हो जाएगा। पिछले एक साल से हर दिन इलाज को आ रहा हूं। काफी सुधार है।

पूसाराम (इलाज के लिए फर्जी डॉक्टर के पास एक मरीज)

सच : डीबी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार कैंसर का पता बड़ी जांचों के बाद होता है। कैंसर के बाद एड्स होना हास्यापद है।

डॉक्टर साहब के पास पाइल्स का इलाज कराने छह माह से आ रहा हूं। दो बार ऑपरेशन भी कर दिया, लेकिन ठीक नहीं हुआ।

सुरेशकुमार (इलाज के लिए फर्जी डॉक्टर के पास एक मरीज)

सच : दो बार ऑपरेशन की जरूरत ही नहीं पड़ती, एक बार में ही बीमारी ठीक हो सकती है।

रोगी को लिखी दवाइयां।

खबरें और भी हैं...