33 दिन तक चलने वाले शिविर में 50 महिला खिलाड़ी लेंगी हैंडबॉल प्रशिक्षण
तेज गर्मी के दौर में खेल की अलख जगाने के लिए छात्रा खिलाड़ी चार घंटे प्रतिदिन मैदान पर पसीना बहा रही है। हम बात कर रहे हैं कस्बा लोहा की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में भारतीय खेल प्राधिकरण (सांई) की ओर से संचालित विस्तार केंद्र की। इस केंद्र पर 33 दिनों का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से शुरू हुआ, जो 17 जून तक चलेगा। प्रथम दिन 30 खिलाड़ियों ने मैदान पर चार घंटे पसीना बहाया। केंद्र के संचालनकर्ताओं की माने, तो हैंडबॉल के गुर सीखने के लिए जैसे-जैसे शिविर आगे बढ़ेगा, यह संख्या 50 तक पहुंच जाएगी। प्रशिक्षक रविप्रकाश गौड़ के मार्गदर्शन में छात्रा खिलाड़ी हैंडबॉल खेल के गुर सिख रही है। शिविर प्रभारी श्रवण प्रजापत ने बताया कि सुबह ढ़ाई घंटे तथा शाम डेढ़ घंटे खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रही हैं। इस शिविर के दौरान विशेष बात यह है कि स्कूल के स्मार्ट क्लास की बड़ी स्क्रीन पर अंतर्राष्ट्रीय मैचेज की क्लिप दिखाकर खिलाड़ियों का खेल-कौशल विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है तथा रमसा की खेल विकास योजना के तहत एथलेटिक्स की तैयारी के लिए भी उपकरण खरीदकर प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। शिविर में राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी 11 खिलाड़ी भी खेल में और निखार लाने के प्रयास में अन्य खिलाड़ियों के साथ जुटी हुई है।
लोहा स्कूल की छात्राओं का हैंडबॉल में वर्चस्व : लोहा की राजकीय स्कूल की खिलाड़ियों ने महिला हैंडबॉल के क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों से राज्य स्तर पर अपना वर्चस्व बना रखा है। स्कूल प्रधानाचार्य कुलदीप व्यास ने बताया कि आठ वर्ष पूर्व स्कूल की खिलाड़ी का नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। उसके बाद 2011 से 2013 तक चूरू जिले की टीम ने राज्य स्तर पर विजेता का खिताब हासिल किया। चूरू की टीम में अधिकांश खिलाड़ी लोहा स्कूल की छात्राएं थी। इसके अलावा महिला ओपन प्रतियोगिता में भी जिले की टीम ने दो बार उपविजेता तथा पांच बार विजेता का खिताब हासिल किया। इस टीम में भी लोहा स्कूल की अधिकांश खिलाड़ी शामिल थी। इसके अलावा अंडर-19 की टीम ने जिले की टीम ने अव्वल प्रदर्शन किया, जिसमें भी अधिकतर खिलाड़ी लोहा की थी।
अतिथियों ने किया शिविर का शुभारंभ : स्कूल में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को अतिथियों ने शुभारंभ किया। इस मौके पर राजस्थान हैंडबॉल संघ उपाध्यक्ष शशिकुमार गौड़ ने हैंडबॉल खेल की बारीकियों की जानकारी दी तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रधानाचार्य संदीप व्यास ने आभार जताया।
लोहा के सरकारी स्कूल में प्रशिक्षण शिविर शुरू, हर दिन तेज गर्मी में चार घंटे मैदान पर पसीना बहाना पड़ेगा खिलाड़ियों को
पड़िहारा. लोहा के प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि।