हरियाणा महिला आयोग सदस्य ने पुलिस को दिए जांच के निर्देश
चूरू | मालासर में एक 30 वर्षीय युवक की हुई मौत के ढाई महीने बाद एसपी कार्यालय से मिले परिवाद के आधार पर सोमवार को रतनगढ़ थाने में दर्ज मामले को लेकर हरियाणा महिला आयोग की सदस्य मंगलवार को चूरू पहुंची। हरियाणा महिला आयोग की सदस्य इंदू यादव ने महिला थाने में दोनों पक्षों को बुलवाया और उनकी सुनवाई की। उन्होंने राजगढ़ डीएसपी सुरेशचंद्र व रतनगढ़ एसएचओ राणीदान को भी महिला थाने में बुलवाया। आयोग सदस्य यादव ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद पुलिस को पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि पारूल जाट हाल निवासी कांकडोली हुकमी, चरखी दादरी (हरियाणा) ने रिपोर्ट दी कि उसकी शादी 24 फरवरी, 2015 को विजेंद्र पुत्र उमरावसिंह जाट निवासी चानणीवास, हमीरवास (राजगढ़) के साथ हुई थी। उसका पति और वह रतनगढ़ तहसील के गांव मालासर में जेठ राजकुमार, जेठानी राजबाला के साथ रहते थे। शादी के कुछ दिन बाद जेठ व जेठानी ने उसके पति पर ससुराल से रुपए मंगवाने का दबाब बनाना शुरू कर दिया। आरोपी इस बात को लेकर झगड़ा भी करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उसे कांकडोली भिजवा दिया और पीछे से जेठ राजकुमार, जेठानी राजबाला व जेठूता रविंद्र ने 24 फरवरी को उसके पति को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी।