जिला मुख्यालय पर गुरुवार दोपहर में अचानक छाई घनघोर घटाओं के बाद झमाझम बारिश हुई। करीब 10 से 15 मिनट तक हुई बारिश राहत की बूंदें बनकर बरसी। लोगों ने बारिश का खूब लुत्फ उठाया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम ने पलटी मारी। शहर के कई इलाकों में बारिश के बाद पानी निकासी नहीं होने से पानी भी भर गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश दो बार रूक-रूक कर हुई। मौसम विभाग के मुताबिक चूरू में 2.8 एमएम बारिश दर्ज हुई।
सादुलपुर | क्षेत्र में गुरुवार को सुबह से दोपहर तक गर्मी का असर तेज रहा, वहीं दोपहर बाद हल्की बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। सुबह धूप के साथ ही उमस के कारण लोग गर्मी से परेशान होते नजर आए। दोपहर 3.30 बजे के करीब अचानक बादलों की आवाजाही के बीच पहले हल्की आंधी चली तथा बाद में हल्की बारिश हुई।
तारानगर | क्षेत्र में गुरुवार को दिन में धूप व बादलों की आवाजाही के बीच उमस व गर्मी का असर तेज रहा। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही तेज होने के साथ ही पहले धूलभरी तेज हवाएं चली तथा बाद में हल्की बूंदाबांदी हुई।
चूरू. दोपहर में शहर में झमाझम बारिश।