चांद नहीं दिखा, रोजे कल से शुरू होंगे
चूरू | बरकतों का महीना रमजान शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। शहर की सभी मस्जिदों में गुरुवार को पहली तरावीह और शुक्रवार को पहला रोजा होगा। रमजान के मुबारक महीने में पूरे 30 दिनों तक विशेष इबादतें होंगी। सुबह सादिक से लेकर देर रात तक इबादत का सिलसिला चलता रहेगा। फज्र से लेकर ईशा तक पांच वक्त की नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा विशेष नमाज तरावीह अदा की जाएगी। साथ ही कुरआन की तिलावतें भी ज्यादा से ज्यादा की जाएंगी। नमाजें और कुरआन की तिलावतें तो सालभर चलती रहती हैं, लेकिन इस महीने में इसे बढ़ा दिया जाता है। इस महीने में हर इबादत के लिए अल्लाह 70 गुना ज्यादा सवाब अता करता है। एक नेकी करने पर 70 नेकी का सवाब है।