- Hindi News
- National
- कितनी गंदगी है, लोग कैसे रह रहे हैं, पैसे कम हैं, तो मैं लगा दूंगा: सांसद
कितनी गंदगी है, लोग कैसे रह रहे हैं, पैसे कम हैं, तो मैं लगा दूंगा: सांसद
पिछले कई दिनों से चांदनी चौक में डिग्गी से हो रही गंदगी व गंभीर समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों की पीड़ा सुनने के लिए बुधवार शाम को सांसद राहुल कस्वा चूरू पहुंचे। सबसे पहले कलेक्टर के पास जाकर समस्या का समाधान करने के लिए कहा। फिर मौके पर चांदनी चौक पहुंचे। यहां पहंुचने के बाद नगरपरिषद आयुक्त बीएल सोनी व कलेक्टर के आदेश पर एडीएम राकेश शर्मा को भी मौके पर बुलाया। सांसद को मोहल्ले के लोगों ने कहा कि डिग्गी की वजह से रोज पशु मर रहे हैं। लोगों ने बताया कि नगरपरिषद कहती है कि हमारे पास इतना बजट नहीं है। इस पर सांसद ने आयुक्त ने कहा कि अगर नगरपरिषद के पास समस्या के समाधान के लिए पैसे कम है, तो मैं लगा दूंगा। आप मुझे प्रस्ताव बनाकर भेजे, बजट मैं दूंगा। आयुक्त ने बताया कि कचरे पर मिट्टी डालने का काम किया गया है। चारदीवारी के लिए 16 लाख रुपए के टैंडर हो चुके हैं। एक-दाे दिन में काम भी शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि नगरपरिषद के पास शहर के कामों के लिए पैसा नहीं होना मुझे समझ नहीं आया। सांसद कोटे से राशि लगाकर पूरी मोहल्ले के लोगों को राहत दी जाएगी।