बेहतर काम करने वाले 111 पुलिसकर्मियों को अति उत्तम व उत्तम सेवा चिह्न से नवाजा
चूरू. पुलिस लाइन में पुलिस दिवस पर सम्मानित पुलिसकर्मी अधिकारियों के साथ।
भास्कर संवाददाता | चूरू
जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन में सोमवार सुबह पुलिस दिवस को लेकर हुए कार्यक्रम में सेवा काल में बेहतर काम करने वाले 111 को अति उत्तम व उत्तम सेवा चिह्न से नवाजा गया। शुरुआत एसपी राहुल बारहट ने परेड की सलामी लेकर की। इसके बाद मार्च पास्ट हुआ। समारोह के दौरान 18 साल के सेवा काल में बिना दंड भुगते बेहतर काम करने वाले 65 जनों को अति उत्तम सेवा चिह्न और 10 साल के सेवा काल में बिना दंड भुगते बेहतर काम करने वाले 46 जनों को उत्तम सेवा चिह्न से सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन की साफ सफाई का भी निरीक्षण किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारी, सिपाही व कर्मचारी उपस्थित थे। बाइक राइडरों को भेंट किए हेलमेट : कार्यक्रम के दौरान एसपी बारहट की तरफ से पुलिस महकमे की सरकारी बाइक चलाने वाले राइडरों को हेलमेट भेंट किए गए। एमटीओ रोशन खां ने बताया कि जिले के 60 राइडरों को हेलमेट वितरित किए।