पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बस्ते जमा करने गए पटवारियों को लौटाया तहसीलदार बोले, कलेक्टर ने मना किया है

बस्ते जमा करने गए पटवारियों को लौटाया तहसीलदार बोले, कलेक्टर ने मना किया है

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासनिक रिपोर्टर| ग्वालियर

चार सूत्रीय मांगों को लेकर मप्र पटवारी संघ के बैनर तले जिले के 160 पटवारी सोमवार को अतिरिक्त हल्कों के बस्ते जमा करने तहसील कार्यालयों में पहुंचे, लेकिन तहसीलदारों ने बस्ते जमा करने से इनकार कर दिया। तहसीलदारों ने पटवारियों को दो टूक कहा कि कलेक्टर ने ऐसा करने से मना किया है। जब तक उनके आदेश नहीं होंगे, वे पटवारियों के अतिरिक्त हल्कों के बस्ते जमा नहीं करेंगे। लेकिन पटवारी भी अतिरिक्त 171 हल्कों के बस्ते जमा करने शाम तक तहसील कार्यालयों में जमे रहे।

इस कारण गोरखी, मुरार, चीनोर, डबरा, भितरवार, घाटीगांव तहसील कार्यालय में रोजमर्रा के काम नहीं हो सके। पटवारी भी दिन-प्रतिदिन के काम न करते हुए तहसील कार्यालय में शाम तक बस्ते जमा करने के इंतजार में खड़े रहे। इस दौरान आम लोगों के कोई काम नहीं हुए। सीमांकन, बटांकन, गरीबी रेखा के आवेदन, आय, जाति व मूल निवासी प्रमाण पत्रों के सत्यापन, नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारे आदि कार्य कराने लोग परेशान होते रहे। उल्लेखनीय है कि पटवारी ग्रेड पे 2100 से बढ़ाकर 2800 करने, वेब जीआईएस सॉफ्टवेयर का सरलीकरण करने, पटवारियों के अन्यत्र जिलों में ट्रांसफर करने व तकनीकी पद घोषित कर कम से कम दो पदोन्नति का लाभ देने की मांग प्रदेश सरकार से कर रहे हैं।

गोरखी में बस्ता जमा करने पहुंचे पटवारी।

मैं अपनी जमीन का नक्शा बनवाने के लिए गोरखी तहसील कार्यालय पहुंचा था। लेकिन यहां पटवारियों ने काम करने से मना कर दिया। कल्ला जाटव, ग्राम महेश्वरा

मुझे अपनी रजिस्ट्री का नामांतरण कराना था। लेकिन तहसील कार्यालय में आकर पता चला कि यहां पटवारी काम नहीं कर रहे हैं। सोबरन सिंह, ग्राम सौजना

मुझे अपनी जाति प्रमाण पत्र बनवाने सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराना थी। लेकिन पटवारियों ने काम करने से मना कर दिया। वे कह रहे थे कि अगले कुछ दिनों तक हड़ताल जैसा माहौल रहेगा। रावण बघेल, ग्राम तिलघना

सिर्फ ग्वालियर में जमा नहीं हुए बस्ते

मप्र पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में पटवारियों ने अतिरिक्त हल्कों के बस्ते जमा किए हैं। लेकिन सिर्फ ग्वालियर में कलेक्टर राहुल जैन के आदेश से बस्ते जमा करने से रोक दिया गया है। श्री राजपूत के अनुसार बस्ते हर हाल में जमा करेंगे। इस संबंध में दो दिन बाद मप्र पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल ग्वालियर आएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के समस्त पटवारी 1 जून से मांगों को लेकर कलमबद्ध हड़ताल करेंगे। लेकिन दो दिन के अंदर अतिरिक्त हल्कों के बस्ते जमा नहीं किए गए तो ग्वालियर में यह हड़ताल अगले कुछ दिनों में ही शुरू कर दी जाएगी। बस्ते जमा नहीं होने की स्थिति में सभी पटवारी अतिरिक्त हल्कों के बस्ते अपने साथ वापस ले गए।

खबरें और भी हैं...