पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • दिनभर कीचड़ उछला, कर्नाटक में रात होते होते खिलने लगा कमल

दिनभर कीचड़ उछला, कर्नाटक में रात होते-होते खिलने लगा कमल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कर्नाटक में सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए बुधवार दिनभर राजभवन के अंदर और बाहर नेताओं का तांता लगा रहा। भाजपा और जेडीएस+कांग्रेस ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मिलकर सरकार बनाने के दावे पेश किए। इससे पहले आरोप-प्रत्यारोप के दौर चले। जेडीएस विधायक दल के नेता एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके विधायकों को 100-100 करोड़ रुपए और मंत्री पद का लालच दिया है। हालांकि, सूत्रों ने दावा किया कि सबसे बड़े दल के नाते राज्यपाल भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दे दिया है।

अटकलें हैं कि बीएस येद्दियुरप्पा को गुरुवार को ही शपथ भी दिलवाई जा सकती है। ऐसे में कांग्रेस और जेडीएस अपने विधायकों को टूटने से बचाने की कोशिशों में भी जुट गए। चर्चा रही कि राज्यपाल के समक्ष परेड के लिए ले जाए गए विधायक राजभवन से ही रिजॉर्ट और होटल में भेज दिए गए, ताकि भाजपा इनसे संपर्क न कर सके।

गवर्नर से मुलाकात के बाद भाजपा के येदियुरप्पा

विधानसभा में दलों की स्थिति

भाजपा 104

कांग्रेस 78

जेडीएस+ 38

अन्य 02

बहुमत के लिए 112 सीटें चाहिए।

संविधान का उल्लंघन कर सरकार बनाने की हो रही है कोशिश- कपिल सिब्बल

येदियुरप्पा द्वारा गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की खबर के बीच कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि राज्यपाल संविधान के अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि गर्वनर ने हमारी बात नहीं मानी जबकि गोवा में पर्रीकर को सरकार बनाने का मौका दिया गया था। यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना है। उधर, कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी अपने विधायकों को टूटने नहीं देगी।

सूत्रों का दावा- राज्यपाल ने येद्दियुरप्पा को सरकार बनाने के लिए बुलाया

कांग्रेस के 12 और जेडीएस के 2 विधायक पार्टी की बैठकों से गायब रहे, लेकिन समर्थन पत्र पर सबके दस्तखत

बुधवार को भाजपा, जेडीएस और कांग्रेस ने अपने-अपने विधायकों की बैठक बुलाई। जेडीएस के दो विधायक राजा वेंकटप्पा नायक और वेंकट राव नडगौड़ा बैठक से नदारद रहे। वहीं, कांग्रेस के 78 में से सिर्फ 66 विधायक ही बैठक में पहुंचे। कुछ इलाकों में तो पार्टी ने विधायकों को लेने के लिए हेलीकॉप्टर तक भेजे। हालांकि, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जी परमेश्वर ने दावा किया कि सभी विधायक पार्टी के साथ हैं। कुछ विधायकों को आने में देरी हुई, क्योंकि वे बीदर से विशेष विमान से पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि उलटे भाजपा के छह विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। इसी बीच, कांग्रेस विधायक अमरेगौड़ा लिंगानागौड़ा पाटिल बाय्यापुर ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने उन्हें मंत्री पद का ऑफर दिया था।

गवर्नर से मुलाकात के बाद जेडीएस के कुमार स्वामी

खबरें और भी हैं...