सरकारी खरीद केंद्रों पर भारी गड़बड़ी किसानों ने लगाया भेदभाव का आरोप
देईखेड़ा. लाखेरी उपखंड के देईखेड़ा स्थित एफसीआई गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। क्षेत्र के नोताड़ा के किसान श्याम शर्मा, रैबारपुरा के जम्बूकुमार जैन, घाट का बराना के रमण शर्मा, गिरिराज मेहरा आदि ने बताया कि खरीद केंद्र पर अनियमितता से समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बाद में आने वाले किसानों के जिंस की तुलाई पहले तथा पहले से जिंस लिए पड़े किसानों के गेहूं की तुलाई नहीं की जा रही हैं। जबकि, लबान के एक किसान की 6 बीघा जमीन की नकल पर 400 कट्टे गेहूं की तुलाई की गई है तथा बाद में दस्तावेज तैयार कर दिए गए हैं। इस प्रकार सीधे-साधे किसानों को कर्मचारियों द्वारा परेशान किया जा रहा है। शिकायत करने पर धमकियां दी जाती हैं।
खरीद केंद्र पर पहुंचे पूर्व सरपंच गिरिराज मीणा व भाजपा किसान मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष छगनसिंह सोलंकी व अन्य लोगों ने केंद्र की व्यवस्था देखी तो असंतोष जताया। केंद्र इंचार्ज को समस्या को लेकर बात की गई। किसानों ने एफसीआई कर्मियों पर नियम विरुद्ध तुलाई का आरोप लगाया है।
यह बोले क्वालिटी इंस्पेक्टर: क्वालिटी इंस्पेक्टर शिवजीराम मीणा ने बताया कि खरीद केंद्र पर अनियमितता नहीं है। माल का उठाव कम होने का कारण वहां पर ट्रक खाली समय से नहीं हो रहे हैं। किसान टोकन की तिथि से पहले ही गेहूं लाकर ढेर कर रहे हैं। जबकि, उन्हें पूर्व में ही रोटेशन की जानकारी दी जा चुकी थी।
समस्या: माल का उठाव नहीं होने से ठसाठस भरी मंडी
कापरेन। मंडी में पड़ा तुला हुआ माल।
बराना में तुलाई शुरू, राहत
झालीजी का बराना. मुख्यालय के मैनोली रोड पर संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर तुलाई के बाद कट्टों पर दीमक लगने की शिकायत को देखते हुए भारतीय खाद्य निगम अधिकारियों ने किसानों के गेहूं तुलाई का काम गुरुवार को बंद कर दिया था। पूर्व के तुलाई होकर स्टॉक में जितने भी कट्टे थे उनका लदान होने पर शुक्रवार सुबह 10 बजे से पूर्व के पड़े किसानों के ढेरों को तौलना प्रारंभ कर किया। इससे किसानों को राहत मिली। एफसीआई निरीक्षक नरेश सोनी ने बताया कि गत 9 अप्रैल से ही समर्थन मूल्य पर किसानों के गेहूं तुलाई के बाद हुए स्टॉक कट्टों पर दीमक लगने की शिकायत नजर आने पर जितना भी स्टॉक था को ट्रकों के जरिये उठवाकर लदान करवाया गया। जिसके बाद ही पूर्व के हो रहे किसानों के गेहूं के ढेरों की तुलाई नियमानुसार शुरू करवा दी गई है। आज आने वाले किसानों से गेहूं के नया ढेर करने से मना करना पड़ा है, ताकि ज्यादा भीड़ न बढ़े। किसान गोबरीलाल मीणा, लटूरलाल कहार, नंदकिशोर गुर्जर झोपड़िया का कहना है कि हमारे गेहूं का ढेर 10 अप्रैल किया हुआ है।
देई में चने की खरीद शुरू: नैनवां. शहर में हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में देई मार्केटिंग ने समर्थन मूल्य पर चने की खरीद शुरू कर दी है। शुक्रवार को खरीद केंद्र पर 5 किसानों के 270 कट्टों की तुलाई की गई। मार्केटिंग प्रतिनिधि बजरंगलाल जैन व नरेंद्र सिंह मौजूद रहे। उधर, केंद्र पर तुलाई शुरू होते ही नैनवां हम्माल संघ अध्यक्ष मोनू गुर्जर के नेतृत्व में शहर के हम्माल केंद्र पर पहुंचे। साथ ही हम्मालों से ही तुलाई करवाने की मांग की। इस पर मार्केटिंग के प्रतिनिधियों ने इनकी समझाइश कर आगे से स्थानीय हम्मालों से तुलाई करवाने का आश्वासन दिया। इससे हम्माल सन्तुष्ट होकर वापस लौट गए।
नैनवां। खरीद केंद्र पर समर्थन मूल्य पर चने की तुलाई करते।
कापरेन मंडी माल से फुल: कापरेन. मंडी में तुले हुए माल का उठाव नहीं होने से शुक्रवार को मंडी गेट पास से किसानों के वाहनों की लाइन लग गई। लाइन इतनी लंबी थी कि मंडी से लेकर बाईपास तक चली गई। मंडी में पहले से ही इतना माल तुलकर पड़ा है कि मंडी तुले हुए माल से ही ठसाठस हो रही है।
झालीजी का बराना। गेहूं की तुलाई करते।