खाद्यमंत्री बाबूलाल वर्मा ने क्षेत्र की अरनेठा, जलोदा, जयस्थल व करवाली की झोंपडि़या पंचायत सहित 10 गांवों में जाकर ग्रामीणों से जनसमस्याएं सुनी। इन सभी में सबसे ज्यादा पेयजल की समस्याएं सामने आई। मंत्री वर्मा को दोहराना पड़ा कि सरकार का प्रयास यही रहा है कि गांव-गांव में लोगों को पीने के लिए मीठा पानी मिले, इसके लिए कई गांवों में आरओ प्लांट लगा चुके हैं।
जनता जल योजना के तहत भी टंकी व पाइप लाइनें डालने से ग्रामीणों को अब घर बैठे पेयजल मिल रहा है। अरनेठा में लहसुन की खरीद नहीं होने से परेशान किसान रामकल्याण सुमन, आत्माराम योगी, छोटूलाल गुर्जर ने अपनी पीड़ा मंत्री के सामने रख कहा कि इस अव्यवस्था ने तो कहीं का नहीं छोड़ा है। ग्रामीणों ने अस्पताल में स्टाफ बढाने, अस्पताल को क्रमोन्नत करने की मांग रखी। जलोदा में ग्रामीणों ने एक करोड़ से अधिक की लागत से बनाई गई पेयजल टंकी व योजना पर सवालिया निशान लगाए। खामियों की जांच करवाने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। इस पर मंत्री ने दो ट्यूबवेल व एक हैंडपंप लगाने की घोषणा की। मुक्त्तिधाम की जर्जर हो रही पुलिया के निर्माण का भी आश्वासन दिया। भिंडी गांव में मुक्त्तिधाम की समस्या आने पर टीनशेड व चबूतरा बनाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मीणा, प्रधान प्रशांत मीणा, भाजपा शहर व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बाबूसिंह जादौन, सुरेंद्र शर्मा, जिपस धनराज गुर्जर साथ थे। अरनेठा में सरपंच रमा मालव, जगदीश गौतम, जलोदा में सोनू नागर, जयस्थल में सरपंच चन्द्रकांता जांगिड़, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश जांगिड़, पूर्व महामंत्री महावीर नागर, भगवान लाठा ने स्वागत किया।
इंद्रगढ़। मंत्री बाबूलाल वर्मा को समस्या बताने आए ग्रामीण।
देईखेड़ा। शिविर में ग्रामीणों की जनसुनवाई करते मंत्री।
बैरवा समाज के मुक्तिधाम में मूलभूत सुविधाएं नहीं, मंत्री को बताई समस्या
झालीजी का बराना| जिले के बैरवा समाज के मुक्तिधामों की बदहाली को सुधारने और मूलभूत सुविधाएं दिलवाने को लेकर अखिल भारतीय बैरवा महासभा की ओर से खाद्यमंत्री बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन दिया।
अखिल भारतीय बैरवा महासभा के संरक्षक भंवरलाल बैरवा ने बताया कि चौतरा का खेड़ा व कांकरा डूंगर गांव में बैरवा समाज के मुक्तिधाम पर दाह संस्कार का स्टैंड नहीं है, छाया की कोई व्यवस्था नहीं है, दागियों के पीने के पानी इंतजाम तक नहीं है। मुक्तिधाम पर जाने वाले मार्ग पर जगह जगह बबूल उगे हुए हैं। जिससे दागियों के पैरो में कांटे चुभ जाते हैं। गर्मी व बारिश में छपरा नहीं होने से दाह संस्कार करने में भारी परेशानी होती है। चौतरा का खेड़ा गांव में 700 से अधिक बैरवा समाज के लोग निवास करते हैं। उसके बावजूद मुक्तिधामों पर कोई सुविधा नहीं है। कई बार प्रशासन, ग्राम पंचायत को दोनों श्मशान घाटों पर मूलभूत सुविधाएं दिलवाने की गुहार लगाई, लेकिन कोई बात नहीं बनी। 15 मई अखिल भारतीय बैरवा महासभा के संरक्षक भंवरलाल बैरवा के नेतृत्व में प्रांतीय बैरवा महासभा के उपाध्यक्ष बजरंगलाल आर्य, अधिवक्ता श्रीराम आर्य, बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष राजकुमार मीणा ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। एडीएम ने जिला परिषद सीईओ जुगलकिशोर मीणा के पास भेजा। सीईओ ने छाया, टीनशेड, पानी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। 16 मई को इस समस्या को लेकर मंत्री बाबूलाल वर्मा को भी ज्ञापन सौपकर शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की।
मोहनपुरा तालाब में 30 लाख खर्च, पर सीपेज की समस्या यथावत
इंद्रगढ़| खाद्यमंत्री बाबूलाल वर्मा की जनसुनवाई में भाजपा के सूरजमल सैनी व अन्य लोगों ने मोहनपुरा तालाब में किए निर्माण कार्य का मामला उठाया गया। जिसमें कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति राशि 30 लाख रुपए की लागत से तालाब में होने वाली सीपेज की मरम्मत का कार्य करवाया, लेकिन फिर भी सीपेज ज्यों का त्यों है। इस पर मंत्री वर्मा ने अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। मंत्री वर्मा ने छत्रपुरा में भी जन सुनवाई की गई। वहां अतिक्रमण का मुद्दा गरमा गया। पूर्व सरपंच चौथमल सैनी ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया तो मंत्री वर्माजी आपके समक्ष भी आगे शिकायतें आ सकती है। लोगों के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। मंत्री ने समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हिम्मतसिंह हाड़ा, सूरजमल सैनी, सत्यनारायण सैनी, गेंदबिहारी भिंडरवाल, मुकेश पारीक, धन्नालाल सैनी, सत्यनारायण सैनी, सरपंच रेखा मीणा, सचिव ज्ञानीराम मीणा, रामावतार मीणा, प्रहलाद महावर मौजूद थे।