भास्कर न्यूज | बालोद/ दल्लीराजहरा
शनिवार को सुबह छह बजे से दल्लीराजहरा में एक हत्या की फर्जी खबर वाट्सअप में वायरल हो गई। जैसे जैसे लोगों के मोबाइल में यह खबर फैलती गई, लोग भी पुलिस व परिचितों से पूछताछ करने लगे। किसी ने थाने तो किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम तक फोन कर दिया। पुलिस वालों के पास भी यह पोस्ट पहुंची। दल्ली टीआई मनीष परिहार ने बताया पोस्ट फर्जी थी। लेकिन हत्या के फोटो भी आए थे। इसलिए इलाके के ग्रामीण क्षेत्र में भी कोटवारों के जरिए पता करवा रहे थे कि कहीं ऐसी घटना तो नहीं हुई है।
यह लिखा था फर्जी पोस्ट में
वायरल हुए पोस्ट में लिखा था कि दल्लीराजहरा(बालोद ) में दिल दहला देने वाली घटना .... पति ने अपनी प|ी को अवैध संबंध के शक में धारदार हथियार से इस खतरनाक घटना को अंजाम दिया। बेदर्दी से हत्या की है। दल्ली में दहशत का माहौल है। इसके अलावा महिला के शरीर के कई हिस्से में कटी हुई वीभत्स फोटो भी पोस्ट हुई थी। पुलिस ने इस बात की पुष्टि तो कर लिया कि यह घटना दल्ली या बालोद जिले में कहीं नहीं हुई है। लेकिन ये कोई पता नहीं लगा पाए कि वास्तव में कहां व कब की घटना है।
पहले भी हुई लाश मिलने की खबर वायरल
दो साल पहले भी इस तरह दल्ली राजहरा के कोकानघाटी में लाश मिलने की झूठी खबर वायरल हुई थी। उस समय भी पुलिस कोकानघाटी के जंगल में पांच घंटे भटकती रही। पर कुछ हासिल नहीं हुआ। बालोद थाना क्षेत्र में भी दो माह पहले घोटिया मार्ग में तालगांव जंगल में लाश मिलने की खबर वायरल हुई थी। वन विभाग व पुलिस ने जंगल में कई जगह खुदाई भी कराई। लेकिन कोई लाश नहीं मिली।