2.36 करोड़ से बनी टंकी, दो किमी लाइन बिछाई लेकिन पानी का इंतजाम नहीं हुआ
भास्कर न्यूज| दल्लीराजहरा/बालोद
नगर पंचायत चिखलाकसा व ग्राम पंचायत खम्हारटोला के बीच पानी का विवाद अब तक शांत नहीं हुआ है। पीएचई की उदासीनता के कारण तीन महीने बाद भी खम्हारटोला में टंकी नहीं बन पाई। जिसके कारण ग्रामीणों ने चिखलाकसा में बनी टंकी को भरने पानी नहीं दिया है। अब गर्मी में नगर पंचायत के नागरिक प्यासे हैं।
आनन- फानन में व्यवस्था बनाने के लिए नपं दल्ली राजहरा के बीएसपी हॉस्पिटल के बोर से पाइप लाइन बिछाकर छोटी टंकी को चालू कर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने का काम कर रही है। लेकिन यह शहर की आबादी के हिसाब से नाकाफी है। टंकी के जरिए अब तक सिर्फ सौ घरों में नल कनेक्शन दिया गया है। बाकी घरों में आज भी नल नहीं लग पाया। अप्रैल बीतने के साथ समस्या और बढ़ने की आशंका है।