दल्लीराजहरा/बालोद/डौंडी|ग्राम खैरवाही के ग्रामीण मनोज कुमार बढ़ाई (32) की गुरुवार सुबह छह बजे सर्पदंश से दल्ली के शहीद अस्पताल में मौत हो गई। ग्रामीण मनोज को एक दिन पहले बुधवार को भागचंद जैन किराना दुकान में सांप ने डंस दिया था। वह पंचायत में चपरासी का काम करता था।
बुधवार को पंचायत में मनरेगा के सोशल आॅडिट के लिए टीम आई थी। अफसरों के खाने के लिए दोना पत्तल खरीदने के लिए जैन किराना दुकान गया था। सांप दुकान के बगल के गोदाम में छिपा था। दुकानदार ने मनोज से कहा कि जाओ गोदाम से सामान निकाल लो। तभी सांप ने मनोज की हथेली पर डस दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे दल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। पर स्थिति में सुधार नहीं आया। जहर ज्यादा फैलने के कारण 18 घंटे बाद मनोज की मौत हो गई।
दुकानदार भी सदमे में: सुबह मनोज की मौत की खबर मिलने के बाद दुकानदार भागचंद जैन को भी सदमा लगा। उन्हें बेहोशी की हालत में डौंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनपद सदस्य शिवगिरी चुरेंद्र ने बताया मनोज परिवार का इकलौता कमाने वाला व्यक्ति था। उनकी दो बेटी व एक बेटा है।