कलेक्टर ने चार अधिकारियों को दिया नोटिस, जवाब मांगा
भास्कर संवाददाता | दमोह
कलेक्टर विजय कुमार जे ने चना खरीदी के सात दिन बाद भी महिला किसान का भुगतान न करने पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चारों अधिकारियों से एक दिन ही में जवाब मांगा है। पीड़ित महिला किसान ने मुख्यमंत्री कार्यालय कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद कलेक्टर ने यह कदम उठाया है।
कलेक्टर ने बताया कि रनेह निवासी महिला किसान राधिका रानी ने हटा मंडी में चना विक्रय14 मई को किया था, लेकिन उसके बाद उसका भुगतान नहीं किया गया। भोपाल से शिकायत मिलने पर उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी स्वाति जैन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित महाप्रबंधक डीके राय, सहायक आयुक्त सहकारिता संजय आर्य और खरीदी प्रभारी समिति प्रबंधक कुंवरपुर तहसील हटा सुखनंदन जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आदेश में चारों अधिकारियों को अपना स्पष्टीकरण एक दिन में ही प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।
उत्तर समाधान कारक नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। यहां पर बता दें कि महिला किसान राधिकारानी पिता महेश प्रसाद नायक ग्राम रनेह तहसील हटा किसान कोड 818110520032 द्वारा 14 मई को 7.50 क्विंटल चना का विक्रय कुंवरपुर सोसायटी में किया गया था जिसका भुगतान नहीं हुआ है।