दमोह| विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्वाधान में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र दमोह में प्रारंभ होने जा रहा है। सांसद प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता और वित्त वाणिज्यिक कर मंत्री जयंत कुमार मलैया के मुख्य आतिथ्य में मंगलार को सुबह 11 बजे मुख्य डाक घर के सामने कार्यालय का शुभारंभ होगा। यह कार्यालय खुलने के बाद सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना के रहवासियों को पासपोर्ट बनवाने के लिए भोपाल नहीं जाना पड़ेगा। वे दमोह में आवेदन कर सकेंगे और एक तय समय में उनका पासपोर्ट बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए कार्यालय पांच में लोगों का स्टाफ पदस्थ किया गया है। जो सारी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
भोपाल के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी रश्मि बघेल और प्रवर अधीक्षक सागर संभाग केके दीक्षित ने बताया कि कार्यालय चालू हो जाने के बाद आवेदक आनलाइन 150 रुपए शुल्क जमा करके प्रक्रिया में शामिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि यदि आवेदक एसएमएस सेवा भी चाहता है तो उसे 45 रुपए अतिरिक्त जमा करने होंगे। कार्यालय में संपर्क करने के दौरान सफेद बैकग्राउंड वाली दो पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं की अंकसूची, आधारकार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी।
कार्यक्रम में बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल, विधायक पथरिया लखन पटेल सहित अनेक अधिकारी और पदाधिकारी शामिल होंगे। यहां पर बता दें कि सांसद श्री पटेल ने पासपोर्ट कार्यालय दमोह में प्रारंभ कराने के लिए केंद्रीय संचार मंत्री मनोह सिन्हा से मुलाकात की थी और उन्हें जल्द से जल्द कार्यालय चालू कराने के लिए पत्र सौंपा था।