असंगठित श्रमिकों के पंजीयन सत्यापन शत प्रतिशत न किए जाने पर जताई नाराजगी
भास्कर संवाददाता | दमोह
असंगठित श्रमिकों के पंजीयन सत्यापन शत- प्रतिशत न किए जाने पर कलेक्टर डॉ. विजय कुमार जे ने जिले के चार जनपद सीईओ को कारण बताओ आरोप पत्र जारी किए हैं। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन सत्यापन कार्य की ऑनलाइन रिपोर्ट के अवलोकन पर पाया कि जनपद सीईओ दमोह केबी मालवीय 74 प्रतिशत, जनपद सीईओ बटियागढ़ आनंद शुक्ला 68 प्रतिशत, जनपद सीईओ पटेरा रानू जैन 65 प्रतिशत तथा जनपद सीईओ जबेरा रामेश्वर पटेल 44 प्रतिशत प्रगति पाई गई है।
कलेक्टर ने श्रमिकों के पंजीयन सत्यापन के कार्य की प्रगति न्यून होने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को अपना स्पष्टीकरण आज ही प्रस्तुत करने तथा पंजीयन सत्यापन का कार्य तीन दिवस के अंदर शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने निर्देशित किया है। उत्तर समाधान कारक नहीं पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध मप्र सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की विकास यात्रा अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्राहक और श्रमिक सम्मेलन का कार्यक्रम 31 मई को दमोह जिले में आयोजित है। शासन आदेशानुसार पंजीयन सत्यापन का कार्य 15 मई तक पूर्ण किया जाना था, जो अभी तक नहीं किया गया है, जिससे स्पट होता है कि संबंधित के द्वारा श्रमिकों के पंजीयन में रूचि नहीं ली गई है तथा अपने दायित्व निर्वहन में लापरवाही बरती जा रही है।