वेयर हाउस में अनाज पहुंचने पर ही होगा किसानों का भुगतान, 18 करोड़ अटके
कृषि उपज मंडी में चना, मसूर और सरसों की खरीदी को लेकर नया नियम किसानों के गले नहीं उतर रहा है। पहले मंडी में किसानों का समिति माल खरीदेगी और उसके बाद उसका परिवहन करके वेयर हाउस में पहुंचाएगी। वेयर हाउस में अनाज पहुंचने के बाद ही राशि का भुगतान होगा। ऐसे में उन किसानों के सामने मुसीबत खड़ी हो गई है, जिनका माल समितियों ने खरीद लिया है, मगर उसका परिवहन करके उसे वेयर हाउस तक नहीं भेजा गया है। ऐसे किसानों का करीब 18 करोड़ रुपए की राशि समिति और बैंक के बीच में फंसी हुई है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के महाप्रबंधक डीके राय ने बताया कि इस बार नियम में संशोधन किया गया है। जब तक किसानों का खरीदा गया अनाज, वेयर हाउस में नहीं पहुंचेेगा, उसका भुगतान नहीं होगा। इसलिए खरीदी के तुरंत बाद माल का परिवहन होना जरुरी है। कई समितियों के पास अभी किसानों का माल तौल के पास मंडी परिसर में ही रखा हुआ है। जिससे किसानों का भुगतान नहीं हो रहा है। किसानों का कहना था एक से डेढ़ माह पूर्व चना बेचा था। जब हमें बताया था कि आपके खाते में राशि जमा हो जाएगी।
लेकिन स्थिति यह है कि बैंकों के चक्कर लगा-लगाकर हम परेशान हो चुके हैं। लेकिन न तो खाते में राशि जमा हो रही है। न संतोषजनक जवाब मिल रहा है। श्री राय ने बताया कि अब तक करीब 50 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। 18 करोड़ रुपए की राशि भुगतान शेष है। अभी राशि का भुगतान सीधे-धीरे किया जा रहा है। वेयर हाउस में अनाज की फीडिंग होने के बाद ही किसानों को भुगतान की राशि दी जाएगी।