शहर में अब तक के गरमी के सीजन में शुक्रवार सबसे गर्म दिन रहा। दिन का अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान भी 30.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि गुरूवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री दर्ज किया गया था वहीं रात का न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया था। सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगी थीं।
दोपहर 12 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया था। दिनभर लपटें चलीं। सूरज की तेज तपन ने लोगों को घरों व ऑफिसों में दुबकने मजबूर कर दिया। जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले। गर्म हवा चलने से वाहन चालकों और राहगीरों को खासी परेशानी हुई। वाहन चालक सिर व चेहरे को तौलियां से ढंककर निकले। सुबह 10 बजे महाकाली चौराहा के पास सड़क से जाती बालिकाएं छाया में खड़ी होकर धूप से बचने के लिए अपने चेहरे को दुपट्टे से ढंककर आगे बढ़ीं। वहीं मौसम की मार से लाेग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल में उल्टी दस्त बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से तापमान में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी है। कभी 44 तो कभी 43 डिग्री के बाद अब शुक्रवार 46 डिग्री पर तापमान पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।
एक सप्ताह से सूरज किरणें झुलसा रही हैं, शुक्रवार को 2 डिग्री बढ़ गया दिन का पारा
दमोह। गर्म हवाओं से बचने चेहरे को दुपट्टे में ढककर जाते बाइक सवार।
पिछले सात दिनों के तापमान पर एक नजर
दिन न्यूनतम अधिकतम
शुक्रवार 30.5 46.0
गुरूवार 29.6 44.0
बुधवार 29.2 44.0
मंगलवार 28.5 43.5
सोमवार 27.0 43.5
रविवार 28.0 45.0
शनिवार 26.5 45.5