मोबाइल सीडीआर की लोकेशन से पकड़े आरोपी
भास्कर संवाददाता| दमोह
जीआरपी पुलिस द्वारा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक महिला का पर्स, मोबाइल व नगदी चुराने वाले आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जीआरपी चौकी प्रभारी बृजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि 6 मार्च को अनूपपुर निवासी महिला ज्ञानेश्वरी बाई संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रही थी। इसी बीच ट्रेन जैसे ही दमोह स्टेशन से रवाना हुई, उसी समय किसी युवक ने उसका पर्स चुरा लिया। पर्स में 20 हजार रुपए नगद, दो मोबाइल व सोने की चेन सहित कुल 45 हजार रुपए की मशरुका था। घटना की शिकायत के बाद जीआरपी द्वारा आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी बीच मोबाइल की लोकेशन ग्राम पंचायत जमुनिया के टपरयाऊ थाना हिंडाेरिया में मिली। जहां पर दबिश दी गई तो आरोपी मोंटी उर्फ अभिषेक यादव 20 चोरी का मोबाइल चलाते पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह मोबाइल दमोह शहर के पलंदी चौराहा के पास रहने वाले सुरेंद्र अहिरवार से खरीदा है। इसके बाद जीआरपी ने सुरेंद्र अहिरवार को दबोचा। तो आरोपी ने पूछताछ में चोरी होना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि महिला का पर्स चोरी करने के बाद वह ट्रेन के टायलेट में छिप गया था इसके बाद कटनी में उतर गया था। जीआरपी ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 380 के तहत मामला दर्ज किया है।