खेल युवा कल्याण विभाग के द्वारा 15 मई से समर कैंप का शुभारंभ किया जाना था जिसका औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। लेकिन अधिकारी के नहीं होेने पर समारोह पूर्वक शुभारंभ नहीं किया गया है। अधिकारी के आने के बाद ही समर कैंप का विधिवत शुभारंभ किए जाने की बात कर्मचारी कह रह हैं।
हालांकि औपचारिक शुभारंभ होने से बालक बालिकाओं को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाने लगा है। एसपीएम नगर स्थित स्टेडियम मैदान में सुबह 6 बजे से बालक बालिकाएं पहुंचकर अभ्यास कर रहे हैं।
यहां पर कोच ओमप्रकाश धुर्वे के द्वारा बालक बालिकाओं को कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं पुराने स्टेडियम, प्यासी मंदिर के पास भी बालक बालिकाओं को अलग अलग विद्याओं का अभ्यास प्रशिक्षिकों के द्वारा कराया जा रहा है। ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चे कबड्डी के अलावा खो-खो, बॉलीवॉल सहित अन्य खेलों का अभ्यास करने में जुटे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेलों की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
दमोह। एसपीएम नगर स्टेडियम में कबड्डी खेले बच्चे। यहां बड़ी संख्या में प्रशिक्षण लेने खिलाड़ी बच्चे पहुंच रहे हैं।
ताइक्वांडो भी इस बार किया गया शामिल
गौरतलब है कि इस बार समर कैंप में ताइक्वांडो विद्या को शामिल किया गया है जिसका प्रशिक्षण लेकर बच्चे अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे और दूसरे जिलो में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में शामिल होकर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।इसके पहले जिले में इस विद्या का प्रशिक्षण नहीं मिलने बच्चे इससे अनभिज्ञ थे। दरअसल खेल युवा कल्याण विभाग में जिम्मेदार अधिकारी नहीं है इस कारण समर कैंप कर्मचारियों के भरोसे ही चल रहा है। कर्मचारियों की माने तो भोपाल से अधिकारी आकर समर कैंप का शुभारंभ करेंगे।