श्रीदेव जानकी रमण बूंदाबहू मंदिर में रविवार को सीताराम विवाहाेत्सव धूमधाम से मनाया गया। पुरूषोत्तम मास के चलते मंदिर में अनुष्ठान जारी हैं। रविवार सुबह बसंत पंचमी उत्सव पर सरस्वती पूजन किया गया इसके बाद सीताराम विवाह संपन्न कराया गया।
लग्न पत्रिका का वाचन आचार्य पं. रवि शास्त्री ने किया फिर बारात का आगमन हुआ। द्वारचार पूजन के साथ विवाह के क्रम में भगवती सीता के लिए आभूषण चढ़ाने की रस्म पूरी कर कन्यादान के बाद सात फेरे हुए। इस मौके पर श्रीदेव जानकारी रमण सरकार का दूल्हा दुल्हन के रूप में श्रंगार किया गया।
यह संपूर्ण आयोजन पं. मुकेश पाठक, पं. शास्त्री, रामेश्वर शर्मा, श्रीराम पौराणिक ने कराया। इस मौके पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष देवी सिंह राजपूत, आलाेक पाण्डेय, अनुराग श्रीवास्तव, गाेपाल प्रसाद नामदेव, उमा असाटी, ओंकार असाटी, कीरत सिंह ठाकुर सैकड़ों महिला-पुरूषों और बच्चों की उपस्थिति रही। उधर पूरे पुरुषोत्तम माहभर अखंड हरेराम संकीर्तन मंदिर परिसर में चल रहा है।
दमोह के बूंदाबहू मंदिर में चल रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में रविवार को सीताराम विवाह हुआ।
25 को तुलसा-सालिकराम विवाह
अध्यक्ष राजपूत ने बताया कि आयोजनाें की श्रंखला में 23 मई को श्रीराम नवमीं दोपहर 12 बजे मनाई जाएगी। 25 मई को तुलसा शालिगराम विवाह रात 9 बजे से होगा। वहीं 27 मई को नृसिंह जयंती शाम 6 बजे से मनेगी। 29 मई को श्री हनुमान जयंती सुबह 9 बजे से व शरण पूर्णिमा महोत्सव रात 9 बजे से मनेगा। 2 जून को गणेश पूजन सुबह 10 बजे से। 7 जून को कृष्ण जन्माष्टमी रात्रि 12 बजे। 12 जून को श्री शिवरात्रि मनाई जाएगी। 13 जून को दीपोत्सव शाम 7 बजे से मनाया जाएगा।