भास्कर संवाददाता | फुटेराकलां
जिले के बकायन गांव से मगरोन गांव तक 18.2 किमी लंबी सड़क जल्द ही टू-लेन बनेगी। 14 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण होने से जहां लोगों को आवागमन में सुविधा होगी वहीं हादसों में भी कमी आएगी।
सड़क की चौड़ाई साढ़े 5 मीटर व आधा मीटर मोटाई होगी। पहले यह सड़क पीडब्ल्यूडी में थी, अब से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जोड़ा गया है। जिसके टेंडर भी जारी हो चुके हैं और सड़क का निर्माण कार्य भी इसी माह से शुरू किया जा रहा है। सड़क डेढ़ वर्ष में पूर्ण करने के आदेश ठेकेदार को दिए गए हैं।
12 से ज्यादा गांव जुड़ेंगे पक्की सड़क से
इस मार्ग के बनने से बरखेरा, मंगोला, कबीरपुर, बेलापुरवा सहित एक दर्जन गांव बटियागढ़ एवं दमोह मुख्यालय की मुख्य सड़क से जुड़ जाएंगे। बकायन से फुटेराकलां मार्ग का विभाग द्वारा सर्वे भी कराया जा रहा है।
इसके अलावा बरखेरा से मगरोन की ओर मिट्टी डालकर समतलीकरण का कार्य भी शुरू हो गया है। बारिश के पूर्व मुरम समतलीकरण होगा। उसके बाद डब्ल्युएमएमगिट्टी का कार्य होगा। बरखेरा सरपंच अनरथ सिंह, मंगोला सरपंच पति दशरथ सिंह ने बताया कि शीघ्र ही काम शुरू होने से अब लोगों को आवागमन की सुविधा होगी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एएम वीपी पटेल ने बताया कि नाले के पास मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए 50 मीटर कांक्रीट की दीवार बनाई जाएगी। साथ ही पेड़ काटकर किसानों को मुआवजा भी दिया जाएगा। रोड की ऊंचाई अधिक होने से बाढ़ की समस्या हल हो जाएगी।
हजारों लोगों को होगा फायदा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क में जोड़ी गई
अंधा मोड़ होगा खत्म, नाले के पुल की ऊंचाई बढ़ेगी
इस सड़क के बढ़ने से जहां फुटेराकलां के पहले सड़क के अंधे मोड़ को खत्म किया जाएगा ताकि हादसे न हो सकें। इसके साथ ही नाला पर बने पुल की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी ताकि बारिश के समय आवागमन बंद न हो। गौरतलब है कि बारिश में हर साल नाले के उपर से पानी आ जाता है, जिससे गांव के दूसरी ओर बसे स्कूल के बच्चे बाढ़ के कारण फंस जाते हैं। इस संबंध में भास्कर द्वारा पूर्व में खबरें प्रकाशित की गई थीं, जिसके बाद सड़क निर्माण के दौरान नाले को बढ़ाने का प्रस्ताव बनाया गया है।
बकायन से मगरोन तक बनने वाली टूलेन सड़क का सर्वे करते कंपनी के इंजीिनयर।