किसान यात्रा का नगर में हुआ स्वागत
किसान यात्रा का नगर में हुआ स्वागत
हटा। मप्र किसान कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में निकाली जा रही किसान यात्रा मंगलवार की शाम को हटा नगर पहुंची। नगर में यात्रा का स्वागत अभिवादन स्थानीय नेताओं के द्वारा किया गया। किसान यात्रा नगर का भ्रमण करते हुए बस स्टैंड के सभा मंच पर पहुंची। जहां यात्रा आमसभा में बदल गई। यात्रा में साथ चल रहे किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी सरकार बताते हुए कहा कि आज किसान को लागत मूल्य तो नहीं मिल रहा बल्कि लाठी, गोली से छलनी किया जा रहा है। वीरेंद्र दुबे ने कहा कि किसानों को आज महंगा खाद बीज प्रदाय किया जा रहा है। जबकि उसकी उपज माटी मोल खरीदी जा रही है। मप्र में सबसे ज्यादा किसानों के द्वारा आत्महत्या की जा रही हैं, गोलू सराफ, आनंद मोहन पटेरिया, ब्रजेश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में किसानों के साथ जिस तरह अन्याय अत्याचार हो रहा है उसका जवाब जब वोट के रूप में दिया जाना चाहिए। किसान कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने बताया कि आज किसान अपने परिवार को छोड़कर सरकार की कागजी खानापूर्ति करते भटक रहा है, उसे उसकी उपज का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। इस अवसर पर किसाान नेता कृषि उपज मंडी अध्यक्ष तारा रानी खटीक, देवेंद्र राय, घनश्याम यादव, संदीप राय, अरविंद तिवारी, दिलीप खटीक, वेदराम अहिरवार, अनीता खटीक, राजेश जैन, राजेश यादव, विनोद वाकर, अरविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन:रामेश्वरम् एवं द्वारकाधीश तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन 31 तक जमा होंगे
दमोह| मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत 5 जून को ट्रेन दमोह से रामेश्वरम् एवं 11 जून को दमोह से द्वारकाधीश के लिए तीर्थ यात्रा प्रस्तावित है। अपर कलेक्टर आनंद कोपरिहा ने कहा है जिन आवेदकों को रामेश्वरम् एवं द्वारकाधीश की तीर्थ यात्रा के लिए जाना है, वे आवेदक अपने आवेदन पत्र संबंधित नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के माध्यम से 31 मई तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन दो प्रतियों में समग्र आईडी, आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ जमा किए जाएं, समय अवधि पश्चात आवेदन जमा किए जाना संभव नहीं हो सकेगा।
स्वरोजगार शिविरों का आयोजन 23 से
दमोह| कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा के निर्देश पर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा कृषक उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के अलावा बैंको द्वारा संचालित मुद्रा योजना, स्टेण्डप योजना आदि का लाभ हितग्राहियों को दिलाया जाएगा। इसके लिए सभी विकासखण्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखण्ड जबेरा में 23 मई को, तेंदूखेड़ा 26 मई, पथरिया 30 मई, बटियागढ़ 6 जून, हटा 9 जून, पटेरा 13 जून और दमोह में 20जून को ब्लाक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है।
खेलवृत्ति प्रदाय किए जाने के लिए 31 तक आवेदन जमा होंगे
दमोह| खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी खेलों की व्यक्तिगत एवं दलीय विधा में जिला स्तर पर नियमानुसार खेलवृत्ति प्रदाय किए जाने के लिए 31 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने विगत वित्तीय वर्ष 1अप्रेल 2017 से 31 मार्च 2018तक मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं, राष्ट्रीय राज्य स्तरीय महिला एवं ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स, विशेष राज्य ग्रामीण एवं महिला खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण रजत कांस्य पदक प्राप्त किया हो, वरीयता राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को दी जाएगी। आवेदन करने वाले खिलाड़ी की आयु 1 अप्रेल 2018को 19 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए।