जिले में कार्यभार संभालने वाले नवागत कलेक्टर डाॅ. विजय कुमार जे के जिला अस्पताल के दौरे की सूचना को लेकर व्यवस्थाओं को दुस्स्त कराने में प्रबंधन जुट गया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा अस्पताल की दीवारों को चमकाने का काम शुरू करा दिया गया है। वहीं टूटे टाइल्सों को बदलवा दिया गया है।
इसके अलावा नालियों की सफाई सहित कचरा आदि को फिकवाया जा रहा है। रविवार को दिनभर अस्पताल में साफ सफाई का काम चलता रहा। उधर कर्मचारी दीवारों पर चस्पा पंपलेट, कागज आदि उखाड़ने में लगे रहे। मेन गेट के टूटे टाइल्सों को बदलवाकर नए टाइल्स लगवा दिए गए हैं।
इसके अलावा ओपीडी के आगे चैनल गेट के पास के टाइल्स भी बदले गए। इस दौरान गेट बंद कर दिया गया और आवागमन ड्रेसिंग रूम से चालू कराया गया ताकि नए टाइल्स उखड न जाए। उधर प्रसूता वार्ड के पीछे से निकली नाली की सफाई कराकर कचरा मिटटी आदि निकलवा गई गई है। स्टॉफ भी अन्य व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। दरअसल जिला अस्पताल के दौरे पर नवागत कलेक्टर डॉ. विजय कुमार के सोमवार मंगलवार को पहुंचने की सूचना है। जिसको लेकर प्रबंधन व्यवस्थाओं का दुरूस्त कराने में जुट गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. ममता तिमोरी का कहना है कि सभी वार्डों में कूलर रखवाए गए हैं यदि ट्रामा वार्ड में कूलर नहीं है तो वहां भी रखवा दिया जाएगा।
दमोह जिला अस्पताल में कलेक्टर के दौरे की खबर पर होने लगी सफाई।
गर्मी में बेहाल अस्पताल में भर्ती मरीज।
44.5 डिग्री में गर्मी से
बेहाल हो रहे मरीज
एक ओर जहां अस्पताल प्रबंधन व्यवस्थाएं दुरूस्त कराने में जुटा है उधर मरीजों को सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। शहर का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रविवार को 44.5 डिग्री तापमान रहा। लेकिन वार्डों में मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था नहीं है। ट्रामा वार्ड में भर्ती मरीजों को कूलर की व्यवस्था नहीं होने से पंखे की गर्म हवा से हाल बेहाल है। मरीज घर से कूलर लाकर रखे हैं। ट्रामा वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन घनश्याम सिंह ने बताया कि वार्ड में एक भी खिड़की नहीं है पंखे लगे हैं जो गर्म हवा दे रहे हैं। कूलर भी नहीं रखा है स्थानीय लोग अपने घर से कूलर उठाकर ले आते हैं लेकिन ग्रामीण अंचलों व बाहर से आने वाले मरीज गर्मी से हलाकान हो रहे हैं। यही हालात दूसरे वार्डों में हैं। गौरतलब है जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं की शिकायतें आए दिन आती हैं।