पारा 44.5 डिग्री, रात का 29.5 डिग्री दर्ज, दिनभर गर्म हवाओं ने झुलसा
दमोह| शनिवार को दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री तो रात का न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री दर्ज किया गया था। जो अब तक के सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। शनिवार को तापमान नीचे खिसका लेकिन दिनभर गर्म हवाएं हलाकान करती रहीं। सुबह 10 बजे से सूरज की किरणें चुभने लगी थीं। दोपहर में सड़कों पर गर्म लपटों के कारण निकलना मुश्किल हो रहा था। उधर घरों आफिसों में बिना कूलर पंखे के बैठना मुश्किल था। भीषण गर्मी में विद्युत उपकरण बंद होते ही लोग पसीना पसीना हो रहे हैं। शाम 7 बजे तक गर्म हवाएं चलती रहीं। सूरज ढलने के बाद भले ही लोगों को चुभती किरणों से राहत मिली लेकिन गर्म हवाओं का असर लोगों को परेशान करता रहा। गर्मी के चलते लोग राहत पाने तरह तरह के जतन कर रहे हैं। शाम होते ही शीतल पेय पदार्थों ठंडाई की दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है।