मॉडल रेलवे स्टेशन पर शनिवार को दिल्ली से आई क्यूसीआई टीम ने स्टेशन की सफाई का जायजा लिया। सुबह 9 बजे टीम के अधिकारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। जहां उन्होंने सीधे यात्रियों से सवाल-जवाब किए और उन्हें मोबाइल टेब के सहारे ऑनलाइन दिल्ली रेल्वे मंत्रालय भेजा। इसके बाद टीम ने स्टेशन की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
टीम के अधिकारी स्टेशन के तीनों प्लेटफार्म पहुंचे, इसके बाद रेल्वे ट्रेक, वेटिंग रूम, शौचालय, बाथरूम, वेटिंग रूम पहुंचे। जहां उन्होंने यात्रियों से स्टेशन की सफाई को लेकर भी चर्चा की और उनके सुझाव भी लिए। लंच के बाद टीम के अधिकारियों ने स्टेशन पर ही पेयजल व्यवस्था, एंट्री गेट, मेन गेट, पार्किंग एरिया सहित अन्य जगह पहुंचकर भी जायजा लिया। जिसकी वास्तविक स्थिति की फोटो खींचकर उसे टेब के सहारे रेल मंत्रालय भेजे। गौरतलब है कि बीते साल दमोह स्टेशन को सफाई व्यवस्था में देश में 9वां स्थान मिला था।
टीम ने जताया संतोष
दिल्ली से आई क्यूसीआई टीम के आशीष राय ने बताया कि हमने 200 से अधिक बिंदुओं पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया है। स्टेशन पर लोगों से चर्चा के दौरान अच्छा फीडबैक मिला है। हमने अपनी रिपोर्ट दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय भेज दी है।
300 यात्रियों से लिया फीडबैक
टीम के अधिकारी आशीष राय व चंद्रशेखर लोधी पूरे दिन भर में यात्रियों से चर्चा की। जिसमें 300 यात्रियों से फीडबैक लिया। इस दौरान 250 से अधिक यात्रियों ने स्टेशन पर सफाई व्यवस्था होना स्वीकार की और कहा कि दमोह स्टेशन पर अन्य स्टेशनों से बेहतर सफाई रहती है। यहां पर कहीं पर भी कचरा नजर नहीं आता।
स्टेशन पर यात्रियों से स्वच्छता के संबंध में फीडबैक लेते दिल्ली से आई टीम के सदस्य।
स्टेशन के फोटो ऑनलाइन भेजे मंत्रालय
टीम के अधिकारियों ने स्टेशन के क्लीनिंग कांट्रेक्टर स्पनिल ठाकुर से उनके कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही सफाई व्यवस्था में लगी मशीनरी की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों व मशीनरी की फोटों खींचकर ऑनलाइन भेजे गए। भ्रमण के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक आरपी गुप्ता, स्वप्निल ठाकुर, सुपरबाइजर अजय टीम के साथ शामिल रहे।