सतधरू मध्यम सिंचाई परियोजना का वित्तमंत्री आज करेंगे भूमिपूजन
भास्कर संवाददाता | दमोह
अधरौटा में प्रस्तावित सतधरू मध्यम सिंचाई परियोजना का रविवार को भूमिपूजन होने जा रहा है। इससे पहले वित्तमंत्री जयंत मलैया ने शनिवार को इस परियोजना को मंजूर कराने और उससे होने वाले लाभों से सभी को अवगत कराया।
उन्होंने दमोह क्लब हाउस में पत्रकारों से कहा कि वर्ष 2007 में जब वे जल संसाधन विभाग मंत्री बने तो उनके सामने सबसे बड़ा चैलेंज था। मैंने सीएम से लेकर सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कि मुझे ऐसा विभाग क्यों दिया गया? यह चिंता का विषय बना रहा, बाद में मुझे पता चला कि यह विभाग मुझे क्यों दिया गया।
उन्होंने सतधरू मध्यम सिंचाई परियोजनापर चर्चा करते हुए कहा कि मैं हार सा गया था, कि प्रोजेक्ट आ पाएगा कि नहीं? भोपाल से लेकर दिल्ली तक फारेस्ट मिनिस्ट्री से बैठक हुई। लंबे चर्चा के बाद प्रोजेक्ट को सहमति दी गई।
सिंचाई के साथ जनता को पानी भी मिलेगा
मंत्री मलैया ने बताया कि इस परियोजना को पूरा करने के लिए जल संसाधन विभाग ने 30 करोड़ रुपए भू-अर्जन के लिए और 90 करोड़ रुपए वन विभाग के लिए दिया है। 315 करोड़ 65 लाख रुपए की इस परियोजना में 63.03 मिली घनमीटर एरिया में पानी का भराव होगा। इसमें से 26.46 मिली घनमीटर पेयजल और आरक्षित जल के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा 24.03 मिली घनमीटर पानी सिंचाई क लिए उपयोग होगा। इससे भी 7555 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई होगी और 64 गांवों को इससे सीधे लाभ मिलेगा।
मलैया ने बताया कि सीतानगर सिंचाई परियोजना को भी भोपाल की कमेटी ने मंजूरी दे दी है। अब कैबिनेट में इसे स्वीकृति दी जानी है। उन्होंने बताया कि यह बड़ा प्रोजेक्ट है। इससे 10 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होगी। इस पर 430 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस परियोजना से दमोह, पथरिया और हटा विधानसभा में पानी पहुंचेगा।
भूमिपूजन के बाद काम बंद नहीं होगा
जल संसाधन विभाग के ईई आरसी तिवारी ने बताया टेंडर स्वीकृत हो गया है। रविवार से निरंतर काम चलेगा। डेढ़ साल में प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रोजेक्ट कोे पूरा करने के बाद दमोह शहर और ग्रामीण अंचलों में पानी की किल्लत नहीं आएगी। गौरतलब है आज सांसद प्रहलाद पटेल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र गुुरू, पूर्व अध्यक्ष बिहारी लाल गौतम, आलोक गोस्वामी, रमन खत्री, मनीष तिवारी सहित अनेक लोग मौजूद थे।