- Hindi News
- National
- नया आदेश: स्कूलों में पदस्थ 35 कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्तियां निरस्त, अब जेम पोर्टल से भरे जाएंगे पद
नया आदेश: स्कूलों में पदस्थ 35 कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्तियां निरस्त, अब जेम पोर्टल से भरे जाएंगे पद
जिले में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा साल 2012-13 से और इसके बाद उन्नयन किए नए हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में संविदा सहायक ग्रेड 3 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर की गईं 35 नियुक्तियां निरस्त कर दी गई हैं। उनके स्थान पर अब जेम पोर्टल के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी। लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत ने यह आदेश जारी किया है। इससे पहले उन्होंने निर्देश दिए थे कि संबंधित पदों पर नियुक्ति करने के लिए स्थानीय स्तर पर अधिकृत एजेंसी या फिर जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएं। मगर अब उन्होंने संशोधित आदेश जारी करते हुए बीईओ और राजपत्रित अधिकारी द्वारा सीधे जेम पोर्टल के माध्यम से नियुक्तियां करने का आदेश जारी किया है।
यहां पर बता दें कि स्कूलों के उन्नयन के बाद उनमें कंप्यूटर ऑपरेटर और सहायक ग्रेड 3 के पद पर नियुक्ति करने के लिए स्थानीय एजेंसी या फिर जेम पोर्टल को अधिकृत किया गया था। 25 जनवरी 2018 को यह आदेश जारी किया गया था। इसमें असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
इस बीच दमोह के 35 स्कूलों में सहायक ग्रेड 3 और कंप्यूटर ऑपरेटर पदस्थ किए गए थे, तीन माह नौकरी करने के बाद अब फिर से संशोधित आदेश जारी किया गया है। जिसमें बताया गया है कि31 मई से पहले संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर हटाने और उनकी जगह आने वाले समय में जेम पोर्टल के माध्यम से नियुक्ति करने का आदेश जारी किया।
पहले यह आदेश जारी हुआ था
जानकारी के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय से 25 जनवरी को आदेश जारी किया था। जिसके तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और आहरण संवितरण अधिकारी द्वारा संविदा सहायक ग्रेड 3 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर जिला शिक्षा अधिकारी से समन्वय कर स्थानीय स्तर पर अधिकृत एजेंसी अथवा जेम पोर्टल के माध्यम से इन पदों पर आउट सोर्सिंग के आधार पर नियुक्त करने की अनुमति दी गई थी। आउट सोर्सिंग पर नियुक्ति केवल उन्हीं स्कूलों की जा सकेगी जहां पद स्वीकृत हैं। किसी भी परिस्थिति में संविदा सहायक ग्रेड 3 एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर संविदा के आधार पर नियुक्ति नहीं की जा सकेगी।