किन्नरों का प्रदर्शन नहीं रोकने की जांच का आदेश
पूर्व सूचना के बावजूद दानापुर पुलिस द्वारा किन्नरों कोे प्रदर्शन और सड़क जाम करने से नहीं रोक पाने और लाठीचार्ज करने के मामले में एसएसपी ने जांच का आदेश दिया है। इसके बाद दानापुर के एएसपी राजेश कुमार ने पत्र लिख दानापुर थानाध्यक्ष से दो दिनों में रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई के लिए दोषी पुलिसकर्मियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। वरीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किन्नरों द्वारा प्रदर्शन करने की सूचना एक दिन पूर्व मिल गई थी, जिसके बाद दानापुर थानाध्यक्ष तथा सेक्टर प्रभारी को अवगत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई थी। इसके बावजूद दानापुर थाना द्वारा किन्नरों के प्रदर्शन और सड़क जाम को रोकने की दिशा में कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। मनेर थानाध्यक्ष से भी जवाब तलब किया गया है।
मनेर में मारी थी गोली
चेन छीनने का विरोध करने पर मनेर के भतेहरी में एक किन्नर को गोली मार जख्मी कर दिया गया था। घटना के विरोध में किन्नर 30 मार्च, 2018 को दानापुर एएसपी से मिलने उनके दफ्तर गए थे, जहां मौजूद कर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार के बाद किन्नरों ने सगुना मोड़ जाम किया था।