छत्तीसगढ़ की टीम बनी चैंपियन
खगौल | दानापुर मंडल क्रीडा संघ पूर्व मध्य रेलवे के तत्वावधान में ऑल इंडिया बर्नाड शील्ड टूर्नामेंट 2018 का फाइनल मैच न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा कोरिया छत्तीसगढ़ और सहारा फुटबॉल क्लब लखनऊ के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-एक गोल से बराबर रही। फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ जिसमें न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा कोरिया छत्तीसगढ़ टीम ने 5-4 से जीत दर्ज कर बर्नाड शील्ड पर कब्जा कर लिया। मैच में मुख्य अतिथि के रूप मे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एल सी त्रिवेदी मौजूद थे। इस अवसर पर ख्याति प्राप्त कमेंटेटर बद्री प्रसाद यादव व भारतीय महिला फुटबाल टीम की कप्तान रही मधु कुमारी को सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सहारा फुटबॉल क्लब लखनऊ टीम के सुधीर को और मैन ऑफ द सिरीज का पुरस्कार न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा कोरिया, छत्तीसगढ़ के गोलकीपर नवीन को दिया गया। विजेता टीम को आठ हजार एवं उपविजेता को चार हजार रुपए का चेक दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक दानापुर रंजन प्रकाश ठाकुर सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।