पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 10वीं के छात्रों को दे दिया 12वीं का पर्चा, वो परीक्षा देकर घर भी चले गए, बाद में पेपर का मिलान किया तब पता चला

10वीं के छात्रों को दे दिया 12वीं का पर्चा, वो परीक्षा देकर घर भी चले गए, बाद में पेपर का मिलान किया तब पता चला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दंतेवाड़ा से 23 किमी दूर कुआकोंडा में सोमवार को आेपन बोर्ड परीक्षा में इंग्लिश का पेपर देने आए 10वीं के 141 छात्रों को 12वीं का पर्चा थमा दिया गया। हैरानी की बात ये है कि 3 घंटे तक न तो किसी परीक्षार्थी ने इसकी शिकायत की, न केंद्राध्यक्ष से लेकर कमरों में ड्यूटी कर रहे शिक्षकों का इस पर ध्यान गया। तीन घंटे पेपर हुआ, कॉपियां स्ट्रांग रूम में जमा हो गईं।

मंगलवार को कुआकोंडा के 10वीं के छात्र भावेश, जयमन और इंदु जब घर में प्रश्नपत्र मिला रहे थे तब पता चला कि पेपर में सभी सवाल 12वीं के थे। इन छात्रों ने शिक्षकों को सूचना दी तो मामले का खुलासा हुआ। शेष|पेज 4

सहायक केंद्राध्यक्ष गंभीर साहू ने 12वीं का जो पर्चा बांटा था वो परीक्षा 19 अप्रैल को होनी है।

यह होती है प्रक्रिया प्रश्नपत्र निकालने की : ओपन स्कूल परीक्षा में प्रश्नपत्र की पेटी परीक्षा केंद्र के निकटतम थाने में जमा होती है। यहां दो अभिरक्षा पंजी भी होती है। इनमें एक केंद्राध्यक्ष और दूसरी थाना प्रभारी के पास रहती है। पेपर निकालने पर दोनों रजिस्टर में इंट्री की जाती है। टाइम टेबल से मिलान के बाद थाने वाले केंद्राध्यक्ष के रजिस्टर और केंद्राध्यक्ष थाने के रजिस्टर में हस्ताक्षर करते हैं। ये प्रश्नपत्र खाकी लिफाफे में होता है जो पारदर्शी झिल्ली से पैक किया जाता है। इस पर विषय का नाम, विषय का काेड, प्रश्नपत्र की संख्या, आवश्यक निर्देश अंकित होते हैं। पूरा विवरण देखने के बाद ही इस लिफाफे को काटा जाता है लेकिन इससे पहले दो परीक्षार्थी, एक पर्यवेक्षक और केंद्राध्यक्ष लिफाफे पर छपे विवरण के मुताबिक तस्दीक करने के बाद अपने हस्ताक्षर करते हैं।

राज्य के 60 हजार परीक्षार्थियों के लिए सेट होगा नया पेपर

पेपर लीक होने की सूचना दंतेवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर व ओपन बोर्ड के अफसरों को भेज दी है। अब 12वीं का अंग्रेजी का पेपर फिर से सेट करके छपवाना पड़ेगा। इस साल राज्य में ओपन बोर्ड के तहत 60 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इतनी संख्या में नया पेपर छपने और अगली तारीख तय करने में कम से कम 12 से 15 दिन का समय लगना तय है।

कुआकोंडा में दोबारा होगा 10वीं का पेपर

भास्कर ने बोर्ड के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. एनके अग्रवाल से बात की तो उन्होंने बताया कि 12वीं अंग्रेजी विषय का पेपर राज्य के सभी केंद्रों पर होगा। कुआकोंडा के 10वीं के छात्रों के लिए भी नया पेपर छपकर आएगा।

इस क्लास का पेपर बाकी जगह रद्द नहीं होगा।

दंतेवाड़ा में शिक्षकों की गलती से लीक हुआ 12वीं ओपन बोर्ड का पर्चा

केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष होंगे निलंबित : पेपर लीक मामले की जांच के लिए डीईओ डी सोमैया मंगलवार को कुआकोंडा पहुंचे थे। उन्होंने केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष समेत कुछ शिक्षकों व छात्रों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष के निलंबन के लिए कलेक्टर को फाइल भेजी जा रही है। आगे जांच में दोषी मिलने पर अन्य लोगाें पर भी कार्रवाई होगी।

खबरें और भी हैं...